उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) के लखनऊ क्षेत्र में आयोजित महिला परिचालक भर्ती रोजगार मेले में पहले ही दिन अच्छा रिस्पॉन्स देखने को मिला। सुबह से शुरू हुए इस मेले में दोपहर 1 बजे तक 86 महिला अभ्यर्थी आवेदन के लिए पहुंच चुकी हैं। हजरतगंज स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में आयोजित इस मेले में अभ्यर्थियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। मौके पर ही दस्तावेजों की जांच और चयन प्रक्रिया जारी है। सुबह 10 बजे से शुरू, मौके पर ही हो रहा चयन रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शुरू हुआ, जहां अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। चयन प्रक्रिया को तेज रखने के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं, जहां दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कर रही टीम ने बताया-रिस्पॉन्स बेहतर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में जुटी स्टाफ नीलम के मुताबिक, इस बार मेले को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। उनका कहना है कि सुबह से अब तक 86 अभ्यर्थी पहुंच चुकी हैं और लगातार संख्या बढ़ रही है। टीम द्वारा तेजी से दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि चयन प्रक्रिया में देरी न हो। सरकार की योजनाओं से जुड़ी महिलाओं को प्राथमिकता भर्ती में उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कौशल विकास मिशन, एनसीसी, एनएसएस और स्काउट-गाइड से जुड़ी महिला अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जा रही है। मेरिट इंटरमीडिएट के अंकों के आधार पर तैयार होगी, जिसमें कुछ श्रेणियों को अतिरिक्त वेटेज मिलेगा। योग्यता, आयु और जरूरी शर्तें परिचालक पद के लिए न्यूनतम योग्यता इंटरमीडिएट पास और CCC प्रमाण पत्र अनिवार्य है। आयु सीमा 18 से 40 वर्ष रखी गई है, जबकि आरक्षित वर्ग को नियमानुसार छूट दी जाएगी। किलोमीटर आधारित भुगतान और अन्य सुविधाएं चयनित महिला परिचालकों को 2.16 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से भुगतान मिलेगा। इसके साथ ही प्रति माह 22 दिन ड्यूटी और 5000 किलोमीटर पूरा करने पर 3000 रुपये प्रोत्साहन राशि, ईपीएफ, फ्री यात्रा पास और रात्रि भत्ता जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी। चार साल सेवा पर अतिरिक्त प्रोत्साहन निगम के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों को न्यूनतम चार साल तक सेवा देनी होगी। इसके बाद बेहतर प्रदर्शन पर अतिरिक्त लाभ और प्रोत्साहन दिया जाएगा।

Leave a Reply