देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर चल रही चर्चाओं और संभावित बढ़ोतरी की अटकलों के बीच राजधानी लखनऊ में भी इसका असर साफ दिखने लगा है। शहर के पॉश इलाके हजरतगंज स्थित तलवार और रंजन पेट्रोल पंप पर गुरुवार को अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पेट्रोल भरवाने आए लोगों का कहना है कि वे सुबह 9 बजे से लाइन में लगे हुए हैं, लेकिन तीन-तीन घंटे बाद भी नंबर नहीं आ रहा है। कई लोग ऐसे भी हैं जिन्हें जरूरी काम से कहीं जाना था, लेकिन देर होने की वजह से वे बिना पेट्रोल भरवाए ही लौटने को मजबूर हो रहे हैं। पॉलिटेक्निक चौराहा स्थित पेट्रोल पंप पर काम करने वाले कर्मचारी अनंत राम ने बताया कि सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ लगी हुई है। पेट्रोल भरवाने के लिए लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। पॉलिटेक्निक स्थित समर्थ फिलिंग सेंटर के मैनेजर एसपी पांडे ने बताया कि उनके पास अब केवल 4000 लीटर पेट्रोल ही बचा हुआ है। उन्होंने कहा कि कल से पेट्रोल की सप्लाई वाली गाड़ी नहीं आई है, जिसके चलते यह स्थिति बनी हुई है और पंप पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमौसी एयरपोर्ट से पेट्रोल भरवाने आए प्रदीप ने बताया कि उन्हें रास्ते में दो जगह पेट्रोल नहीं मिला, इसलिए वे विभूति खंड स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे। मैनेजर अनूप पांडे ने बताया कि यहां पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। जो जितना लेना चाहे, उतना ले सकता है। यह सब केवल अफवाह है, जिसकी वजह से लोग परेशान हो रहे हैं।. कीमतों के डर से पंप पर उमड़ी भीड़ पेट्रोल और डीजल की कीमत बढ़ने की आशंका के चलते बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों में ईंधन भरवाने के लिए पंप पर पहुंच गए। हालात यह रहे कि सड़क तक गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई। लोगों को अपनी बारी के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। लंबी लाइनों ने बढ़ाई ट्रैफिक की समस्या तलवार पेट्रोल पंप के बाहर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी लाइन लगने से आसपास के इलाके में ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण स्थानीय लोगों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अफवाहों ने बढ़ाई घबराहट मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया और बाजार में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी की खबरों के बाद लोग पहले ही ईंधन भरवाने पहुंच रहे हैं। इससे अनावश्यक दबाव और घबराहट का माहौल बन गया। पंप संचालक ने किया साफ-किसी तरह की कमी नहीं वहीं, तलवार पेट्रोल पंप के संचालक ने साफ किया कि पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और सप्लाई सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना वजह भीड़ न लगाएं। स्थिति पर प्रशासन की नजर हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम के बाद स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट हो गया है और हालात पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था या अफवाह से कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।

Leave a Reply