बरेली के नैनीताल हाईवे पर आज सुबह तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के अभयपुर अग्रास रोड पर घंघोरा-घंघोरी के पास मिट्टी से लदी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने कूरियर पिकअप को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्राली रॉन्ग साइड से आ रही थी, जिसके कारण यह आमने-सामने की भिड़ंत हुई। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद पिकअप का ड्राइवर केबिन के मलबे में ही बुरी तरह फंस गया था।
मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल ड्राइवर को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है और रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है।

Leave a Reply