कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से लगभग दो किमी दूर 18 मार्च (बुधवार) को रेलवे ट्रैक किनारे जले मिले सिलेंडर में आरपीएफ ने 70 वर्षीय एक बुजुर्ग को गिरफ्तार कर लिया है। प्रतापगढ़ निवासी बुजुर्ग ने स्वीकार किया है कि नशे में उसका सामान गिर गया था। आरोपी के खिलाफ कानपुर सेंट्रल आरपीएफ पोस्ट में मुकदमा लिखा गया साथ ही गिरफ्तार कर लिया गया है। आरपीएफ व पुलिस ने की थी जांच कानपुर पुलिस कमिश्नरेट आरपीएफ और एफएसएल की जांच में सामने आया है कि ट्रैक के आसपास किसी भी प्रकार का विस्फोटक नहीं था। मामले में कानपुर सेंट्रल आरपीएफ इंस्पेक्टर एसएन पाटीदार ने बताया कि 18 मार्च को कानपुर सेंट्रल-चंदारी रेलखंड के पास ट्रैक किनारे एक 5 किलोग्राम गैस सिलेंडर जली अवस्था में पाए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही RPF और स्थानीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर जांच की गई। बरामद दस्तावेजों के आधार पर पहुंची पुलिस घटनास्थल से गैस सिलेंडर के अलावा बैग, कपड़े, बर्तन, मोबाइल फोन एवं पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए। जांच के दौरान बरामद मोबाइल व दस्तावेजों के आधार पर सामान ओमप्रकाश मिश्रा (उम्र लगभग 70 वर्ष, निवासी प्रतापगढ़, वर्तमान निवास दिल्ली) का पाया गया। रेलवे अधिनियम में दर्ज किया गया मुकदमा 20 मार्च को संबंधित व्यक्ति को बरामद कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने स्वीकार किया कि नशे की अवस्था में ट्रेन यात्रा के दौरान उसका सामान गिर गया था। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 153 एवं 164 के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कानपुर सेंट्रल पर मुकदमा पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में जांच जारी है।

Leave a Reply