रियाद में एक मिसाइल हमले में मारे गए यूपी के सीतापुर के युवक रवि गोपाल का शव बुधवार को पैतृक गांव पहुंचा। शव के घर पहुंचते ही पत्नी रोती-बिलखती रही। मां-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था। शव के पहुचंने पर उसे अंतिम विदाई देने आसपास के गांवों के लोग भी उमड़े। गांव के पास स्थित एक खेत में उसका अंतिम संस्कार किया गया। बड़े भाई ने मुखाग्नि दी। रवि गोपाल, जिला मुख्यालय से करीब 75 किलोमीटर दूर महमूदाबाद थाना क्षेत्र के बघाइन गांव का रहने वाला था। पिछले 3 साल से वह रियाद रह रहा था। वहां एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करता था। 5 दिन पहले 18 मार्च को फैक्ट्री पर हुए मिसाइल हमले में उसकी मौत हो गई थी। रियाद से बुधवार सुबह उसका शव लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा। यहां से गांव ले जाया गया। देखें 3 तस्वीरें… जानिए पूरा मामला… बघाइन गांव के रहने वाले रवि गोपाल तीन साल पहले सऊदी अरब के रियाद काम करने गए थे। गांव में उनके पिता लवनीत कुमार, मां बैजंती देवी, बड़े भाई मनमोहन, पत्नी रीता देवी और करीब साढ़े तीन साल का बेटा रहते हैं। भाई मनमोहन के मुताबिक, रवि पहली बार दो साल रियाद में काम करने के बाद वापस लौट आया था। सितंबर 2025 में वह दोबारा रियाद गया। वहां वह एक प्लास्टिक फैक्ट्री में ड्राइवर था। 18 मार्च को फैक्ट्री पर मिसाइल हमला हुआ। इस हमले में रवि की मौत हो गई। घटना की सूचना गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने रवि के साथ काम करने वाले रामनिवास से संपर्क किया। रामनिवास ने मौत की पुष्टि की। उसने बताया कि रवि का शव मिल गया है और उसे फ्रीजर में रखा गया है। इसके बाद परिवार ने शव को भारत लाने के लिए सरकार से गुहार लगाई। सूचना मिलने पर रविवार को विधायक आशा मौर्य पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने परिवार को सांत्वना दी। साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से फोन पर बात कर शव जल्द भारत लाने का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर के निर्देश पर नायब तहसीलदार राकेश त्रिवेदी भी गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से जानकारी ली और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
रियाद से लखनऊ होते हुए शव सीतापुर पहुंचा प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रयास से रियाद से शव लाने की प्रक्रिया पूरी हुई। बुधवार को शव लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा, जहां तहसीलदार महमूदाबाद और बीजेपी नेता डॉ. अम्मार रिजवी मौजूद रहे। जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को एम्बुलेंस से सीतापुर के बघाइन गांव भेजा गया। गांव पहुंचने पर अंतिम संस्कार किया गया। ———————————– यह खबर भी पढ़िए बंदर ने बच्ची को काटा-युवक डरकर दूसरी मंजिल से कूदा: लखनऊ में घरों में घुसकर कर रहे हमला, पीड़ितों की आपबीती पढ़िए लखनऊ के राजाजीपुरम की सपना कॉलोनी के लोग इन दिनों खौफ के साए में जी रहे हैं। यहां बंदरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि लोग सड़कों पर ही नहीं, अपने घरों के भीतर भी सुरक्षित नहीं हैं। ड्राइंग रूम से लेकर किचन और बेडरूम तक में घुसकर बंदर हमला कर रहे हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर

Leave a Reply