DniNews.Live

रिटायर्ड शिक्षक के खाते से 60 हजार रुपए निकाले गए:संतकबीर नगर में कार्ड बदल की ठगी, जालसाज CCTV में कैद

संतकबीरनगर के मगहर में एक रिटायर्ड शिक्षक के खाते से एटीएम कार्ड बदलकर 60 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। यह धोखाधड़ी एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित ने अपने पोते के साथ साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। गोरखपुर जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र के भरपही गांव निवासी रिटायर्ड शिक्षक देवेंद्र नाथ मिश्रा पीपीगंज के एक इंटर कॉलेज में संस्कृत के प्रवक्ता थे। वे वर्ष 2013 में सेवानिवृत्त हुए थे और अपनी पेंशन की राशि एटीएम से निकालते हैं। देवेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि 6 मार्च को वे मगहर स्थित एक एटीएम से लगभग 5 हजार रुपये निकालने गए थे। इस दौरान मशीन में पैसे फंस गए। इसी का फायदा उठाकर पीछे खड़े एक युवक ने मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और उन्हें दूसरा कार्ड दे दिया। कुछ घंटों बाद उनके मोबाइल पर मैसेज आया, जिससे उन्हें पता चला कि उनके खाते से मगहर के उसी एटीएम से 60 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। इस घटना के बाद देवेंद्र नाथ मिश्रा ने तत्काल बैंक से संपर्क कर अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया और मगहर चौकी पुलिस को सूचना दी। सोमवार को उन्होंने अपने पोते के साथ साइबर क्राइम थाने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी। साइबर थाने के प्रभारी जय प्रकाश चौबे ने बताया कि यह मामला धोखाधड़ी से जुड़ा है। जांच के लिए कोतवाली और मगहर चौकी पुलिस को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपी की जल्द पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *