DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

राहुल गांधी के पड़ोसी बने नबीन, नया पता लुटियंस दिल्ली:5 बेडरूम, बड़ा लॉन, जानिए क्यों खास है 3 एकड़ में फैला यह बंगला

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को लुटियंस दिल्ली में बंगला मिला है। वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पड़ोसी बने हैं। गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर भी करीब हैं। नबीन मकर संक्रांति के बाद नए घर में शिफ्ट होंगे। करीब 3 एकड़ में फैले इस बंगले में रिनोवेशन का काम चल रहा है। नबीन को 9 सुनहरी बाग रोड में टाइप 8 श्रेणी का घर मिला है। इसके बगल में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आवास है। यह बंगला आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसके साथ ही यहां रहने वालों की सुरक्षा के बेहद पुख्ता इंतजाम हैं। इस तरह के घर आमतौर पर सीनियर केंद्रीय मंत्री, सुप्रीम कोर्ट के जज, पूर्व राष्ट्रपति और राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष को मिलते हैं। नितिन नबीन को मिला बंगला कितना खास है? यहां, किस तरह की सुविधाएं हैं? खास रिपोर्ट में पढ़िए… 8,000 स्क्वायर फीट में फैला है बंगला नितिन नबीन को मिला टाइप 8 बंगला आकार में बड़ा और सफेद रंग का है। इनके सामने चौड़ा लॉन हैं। बंगला 8000 स्क्वायर फीट एरिया में फैला है। इसमें 5 बेडरूम, 1 लिविंग रूम, बड़ा डाइनिंग एरिया, स्टडी रूम, गैरेज और आगे व पीछे बड़े लॉन हैं। सुरक्षा के बेहद हाई-क्लास इंतजाम हैं। इसकी चाहरदीवारी ऊंची और कई सिक्योरिटी फीचर से लैस है ताकि कोई चोरी छिपे घुस नहीं सके। बंगले के गेट से लेकर लॉन, बगीचा, हॉल तक चप्पे-चप्पे की निगरानी 24 घंटे CCTV कैमरों की मदद से होती है। इसके लिए डेडिकेटेड CCTV कंट्रोल रूम है। सुरक्षाकर्मियों की एक टीम 24 घंटे ड्यूटी पर रहती है। बंगला में एक बगीचा है। इसके साथ ही पेड़-पौधों से सजा बड़ा लॉन है। इनमें कई तरह के फलदार पेड़ लगाए गए हैं। ड्राइवर, अटेंडेंट और पुलिसकर्मियों के रहने के लिए जगह नितिन नबीन के बंगले के दो मुख्य हिस्से हैं। एक जिसमें नितिन नबीन परिवार के साथ रहेंगे। इसे VVIP के आराम और सुरक्षा के लिए डिजाइन किया गया है। दूसरे हिस्से में नितिन नबीन के स्टाफ रहेंगे। यहां ड्राइवर, अटेंडेंट और पुलिसकर्मी के रहने और काम करने के लिए जगह है। घर आए लोगों और पार्टी कार्यकर्ता को ठहराने की भी जगह है। लॉन का इस्तेमाल प्रेस ब्रीफिंग, रिसेप्शन या त्योहारों की पार्टियों के लिए किया जा सकता है। बंगले में ऑफिस एरिया है। यहां नितिन नबीन के ऑफिस के लोग बैठेंगे और काम करेंगे। नबीन घर से ही काम कर पाएंगे। इसके लिए सारी सुविधाएं दी गईं हैं। बंगले में 6 स्टाफ क्वार्टर हैं। इनमें हाउसकीपिंग स्टाफ, ड्राइवर और माली जैसे कर्मी रहेंगे। यह बंगला ब्रिटिश-काल की वास्तुकला का बेहतरीन उदाहरण है। इसकी छत बहुत ऊंची है। इससे गर्मी से राहत मिलती है। बगीचा और लॉन इतना बड़ा है जैसे छोटा पार्क हो। कहां है नितिन नबीन का बंगला? नितिन नबीन का बंगला नई दिल्ली के सबसे पॉश और VIP इलाके लुटियंस जोन में है। जनपथ, अकबर रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, सुनहरी बाग रोड, सफदरजंग रोड, कृष्णा मेनन मार्ग, त्यागराज मार्ग और तुगलक रोड लुटियंस के खास इलाके माने जाते हैं। यहां से संसद भवन, राष्ट्रपति भवन और दूसरी जरूरी सरकारी इमारतें करीब हैं। इस बंगले से कुछ ही दूरी पर 6 कृष्ण मेनन मार्ग पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बंगला है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का घर भी करीब है। किस तरह अलॉट होते हैं टाइप-8 बंगले? लुटियंस दिल्ली में 3 हजार से अधिक सरकारी बंगले और फ्लैट हैं। इनमें से टाइप 8 बंगले 100 से अधिक हैं। गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी टाइप-8 बंगले में रहते हैं। टाइप-8 बंगलों का अलॉटमेंट केंद्र सरकार के आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के तहत सरकारी आवासों के अलॉटमेंट (दिल्ली में जनरल पूल) नियम, 1963 के अनुसार होता है। लोकसभा और राज्यसभा की हाउसिंग कमेटी सैलरी, सीनियारिटी और उपलब्धता के आधार पर इन बंगलों का अलॉटमेंट करती है। सांसदों, मंत्रियों और जजों को प्राथमिकता दी जाती है। किन्हें अलॉट होते हैं टाइप-8 के बंगले? टाइप-8 बंगले देश में सबसे ऊंचे पदों पर बैठे लोगों या जिन्होंने पहले महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं, उन्हें अलॉट किए जाते हैं। इसमें पूर्व राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति शामिल हैं। उदाहरण के लिए, पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू त्यागराज मार्ग पर टाइप-8 बंगला में रहते हैं। इसी तरह, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी ऐसा ही एक बंगला अलॉट किया गया है। लुटियंस बंगला जोन क्या है? लुटियंस बंगला जोन (LBZ) राजधानी दिल्ली में सबसे पॉश और सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली जगहों में से एक है। यह 23.60 वर्ग किमी इलाके में फैला है। यहां हेरिटेज इमारतें और सेंट्रल विस्टा हैं। LBZ में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, बड़े राजनेता और अमीर लोग रहते हैं। यहां 600 प्राइवेट बंगले भी हैं। नितिन नबीन को बिहार सरकार ने 3 टेलर रोड में दिया है बंगला नितिन नबीन पटना के बांकीपुर से 5वीं बार विधायक चुने गए हैं। पटना में उनका अपना घर है। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने से पहले नबीन बिहार सरकार में पथ निर्माण विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री थे। एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत पर चलते हुए उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। नितिन नबीन पिछली सरकार में भी मंत्री थे। बिहार सरकार ने उन्हें 3 टेलर रोड में बंगला दिया है। इसी बंगले में उनके परिवार के लोग रहते हैं। यहीं, नबीन कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ बैठक करते हैं। उनके बगल में भाजपा नेता व मंत्री मंगल पांडेय का बंगला है। 3 टेलर रोड बंगला दो मंजिला है। इसमें भी बड़ा लॉन और बगीचा है। आलीशान कमरे हैं।


https://ift.tt/4hv8OqP

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *