सुरेंद्र नगर स्थित अटल बिहारी वाजपेई नगर निगम डिग्री कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के विशेष शिविर का समापन ‘लोकोत्सव’ कार्यक्रम के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में विशेष आयोजन किए गए। कार्यक्रम में जयनारायण पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. के.के. शुक्ला मुख्य अतिथि रहे। डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजीव त्रिपाठी और लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रो. हिमांशु सेन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुभाष चन्द्र पाण्डेय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। छात्राओं ने लोकगीतों की प्रस्तुतियां दीं समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कार्यक्रम अधिकारी उपेन्द्र कुमार ने अपने स्वागत उद्बोधन में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।इसके उपरांत, छात्र विनय मोहन शुक्ला ने NSS शिविर का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं ने समूह नृत्य, एकल नृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुतियां दीं। परिश्रमी व्यक्ति कभी बेरोजगार नहीं रहता मुख्य अतिथि प्रो. के.के शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि अनुशासन और परिश्रम ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि परिश्रमी व्यक्ति कभी बेरोजगार नहीं रहता। विशिष्ट अतिथि प्रो. राजीव त्रिपाठी ने NSS के मूल उद्देश्य निःस्वार्थ सेवा पर जोर देते हुए कहा कि माता-पिता, गुरुजनों और जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है। ‘रियल लाइफ’ में समय देने की सलाह दी विशिष्ट अतिथि प्रो. हिमांशु सेन ने लोकसंस्कृति के क्षरण पर चिंता व्यक्त की और विद्यार्थियों द्वारा लोकगीतों की प्रस्तुति को सराहनीय बताया। उन्होंने छात्रों को ‘रील लाइफ’ से दूर रहकर ‘रियल लाइफ’ में समय देने की सलाह दी।अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. सुभाष चन्द्र पाण्डेय ने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और महाविद्यालय के निरंतर विकास का आश्वासन दिया।इस अवसर पर सभी शिक्षक, NSS स्वयंसेवक और स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply