रायबरेली के ऊंचाहार में एक 20 साल के युवक ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार सुबह परसीपुर गांव में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परसीपुर गांव निवासी साहिल (20 वर्ष) पुत्र अमृतलाल ने मंगलवार सुबह अपने घर के कमरे की छत में लगी धन्नी में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। घटना के समय साहिल की मां गुड्डी देवी और बहन शालू खेत पर गए हुए थे, जबकि उसका छोटा भाई आदित्य गांव में था। आदित्य जब पीछे के रास्ते से घर में आया, तो उसने अपने भाई को फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। साहिल को तुरंत रोहनियां सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनवर ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो चुकी थी। कोतवाल अजय कुमार राय ने जानकारी दी कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply