रायबरेली के ऊंचाहार में रविवार को तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से एक टेम्पो चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश कर रही है। मृतक की पहचान पूरे किशुनी मजरे अरखा गांव निवासी 35 वर्षीय बृजेश कुमार के रूप में हुई है। बृजेश टेम्पो चालक था। रविवार शाम वह ऊंचाहार कस्बे के बस स्टैंड पर सवारियों को उतारकर प्रतापगढ़ जिले के आलापुर जा रहा था। चकमिलिक मजरे कोटरा बहादुरगंज गांव के पास एक बेकाबू डंपर ने उसके टेम्पो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। घटना के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना में टेम्पो चालक बृजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पीआरवी मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही बृजेश की मौत हो चुकी थी। मृतक बृजेश कुमार अपने छह भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। ऊंचाहार कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply