रायबरेली में आंधी-बारिश से भारी नुकसान:100 हेक्टेयर फसल बर्बाद, एक की मौत और एक घायल
![]()
रायबरेली में आंधी-बारिश से भारी नुकसान:100 हेक्टेयर फसल बर्बाद, एक की मौत और एक घायल
रायबरेली में बीती देर शाम हुई आंधी और बारिश से भारी नुकसान हुआ है। जिले में लगभग 100 हेक्टेयर से अधिक गेहूं की फसलें बर्बाद हो गईं, जबकि अलग-अलग घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। गुरबक्शगंज में तेज आंधी के कारण बिजली का खंभा गिरने से एक अधेड़ व्यक्ति की जान चली गई। इसी तरह, ऊंचाहार में लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक पुराना पेड़ गिरने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए रायबरेली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किसानों के मुताबिक, पूरे जनपद में 100 हेक्टेयर से अधिक कटी हुई गेहूं की फसलें खराब हो गई हैं। इस बेमौसम बारिश से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।किसानों ने जिला प्रशासन से फसलों के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। किसान जगदीश यादव ने बताया कि गेहूं की फसल उनके परिवार की आय का मुख्य स्रोत होती है। किसान नेता रमेश बहादुर सिंह ने भी जिला प्रशासन से प्रभावित किसानों को मापदंड के आधार पर मुआवजा सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
