संगम नगरी प्रयागराज में आज राम नवमी और चैत्र नवरात्रि की नवमी पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। श्रद्धालु मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जन्मोत्सव की खुशियां मना रहे हैं और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। राम नवमी के अवसर पर मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और विशेष सजावट से मंदिरों की भव्यता देखते ही बन रही है। कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, जहां भक्तगण बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। भगवान राम के जन्म के शुभ मुहूर्त पर विशेष आरती और पूजन का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, चैत्र नवरात्रि के अंतिम दिन देवी मंदिरों में मां दुर्गा के नवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की जा रही है। श्रद्धालु पूरे विधि-विधान के साथ मां की आराधना कर रहे हैं और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। नवरात्रि के नौ दिनों तक व्रत रखने वाले श्रद्धालु आज नवमी के दिन विधिपूर्वक व्रत का पारण भी कर रहे हैं। शहर के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक अलोप शंकरी मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है। दूर-दूर से आए श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए कतारों में खड़े नजर आए। मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रयागराज में आज का दिन भक्ति और आस्था से सराबोर नजर आ रहा है, जहां एक ओर भगवान राम के जन्मोत्सव की खुशियां हैं, तो दूसरी ओर मां दुर्गा की आराधना का उत्साह।

Leave a Reply