“नव निर्माण” के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर विकास भवन परिसर में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान विभाग की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से किशोर-किशोरी स्वास्थ्य एवं कुपोषण उन्मूलन कार्यक्रम पर ध्यान केंद्रित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष मोहन लाल सैनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चला रही है। उन्होंने जोर दिया कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिसके लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उपचार, जांच और अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत फरवरी 2026 तक जनपद में 6,82,171 पात्र लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। इस योजना से अब तक 1,07,784 लोगों को उपचार का लाभ मिला है।उन्होंने आगे बताया कि वर्ष 2018 में स्थापित सीटी स्कैन यूनिट के माध्यम से 1,33,153 जांचें की गई हैं। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2019 में शुरू की गई 10 बेड की डायलिसिस यूनिट में अब तक 689 मरीजों को सुविधा प्रदान की गई है। पांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टेलीरेडियोलॉजी के जरिए 1,28,422 मरीजों के डिजिटल एक्स-रे किए गए हैं।उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने जानकारी दी कि पिछले नौ वर्षों में 50 उप स्वास्थ्य केंद्र, 50 बेड के चिकित्सालय, पांच ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट और 207 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि ने पांच लाभार्थियों को आयुष्मान गोल्डन कार्ड वितरित किए। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई।

Leave a Reply