रामपुर के बिलासपुर में एक अनोखा मामला सामने आया है, सोमवार रात सुहागरात पर दुल्हन ने दूल्हे को छूने से मना किया और उसकी पिटाई कर दी। अगले दिन दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे का सिर फोड़ दिया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना मोहल्ला लक्ष्मीनगर की है। बेकरी शॉप चलाने वाले 22 वर्षीय कन्हैया की शादी बीते रविवार को उत्तराखंड के किच्छा में वहां आयोजित आर्य समाज सम्मेलन में दरऊ टांडा निवासी एक युवती के साथ विधि-विधान से संपन्न हुई थी। सोमवार को दुल्हन को घर लाने के बाद दिन में दावत हुई। रात में सुहागरात के लिए वर-वधू को कमरे में भेजा गया। वर पक्ष के अनुसार, दुल्हन ने दूल्हे को छूने से साफ मना कर दिया और जब दूल्हे ने जिद की तो उसकी पिटाई कर दी। इससे घर में हंगामा हो गया और रात में ही पुलिस को बुलाना पड़ा। दूल्हे के भाई शंकर कश्यप और बहन पूनम कश्यप ने बताया कि दुल्हन ने दूल्हे को स्पष्ट रूप से बताया और पुलिस के सामने भी स्वीकार किया कि उसका किसी और से अफेयर है। इसके बाद लड़की वालों को फोन करके पूरी बात बताई गई। मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। बताया जाता है कि किसी लिखित समझौते के लिए दोनों पक्ष तहसील पहुंचे। वहां किसी बात पर दोनों पक्षों में तनातनी हो गई। इसी दौरान दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे की पिटाई कर दी और ईंट मारकर उसका सिर फोड़ दिया। घायल दूल्हे को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज और मेडिकल परीक्षण किया गया। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply