रामपुर। शहीद दिवस के अवसर पर ‘माय भारत’ और नेहरू युवा केंद्र द्वारा अमर शहीदों की स्मृति में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महान क्रांतिकारियों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान को नमन करते हुए युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना है। ‘माय भारत’ के उपनिदेशक माहे आलम ने बताया कि इन आयोजनों का लक्ष्य केवल शहीदों को श्रद्धांजलि देना नहीं है, बल्कि युवाओं में राष्ट्रनिर्माण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने जानकारी दी कि बिलासपुर क्षेत्र में एक विशाल जागरूकता रैली निकाली जाएगी। जिसमें देशभक्ति नारों और क्रांतिकारियों के संदेशों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ‘माय भारत’ अभियान के तहत श्रमदान और स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। स्वयंसेवक सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मार्गों पर सफाई कर स्वच्छता का संदेश देंगे। अभियान के समापन पर सभी प्रतिभागी स्वच्छता की शपथ लेकर अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लेंगे। युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए एक रील निर्माण प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसमें प्रतिभागी अपने जिले के स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन, संघर्ष और योगदान को प्रस्तुत करेंगे, जिससे नई पीढ़ी को अपने इतिहास से जुड़ने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रमों के अंत में अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडल मार्च का आयोजन किया जाएगा। सभी प्रतिभागी मौन रखकर राष्ट्र के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करेंगे। माहे आलम ने युवाओं से अपील की है कि वे ‘माय भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण कर इस अभियान से जुड़ें और राष्ट्रनिर्माण से संबंधित कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लें। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और सशक्त नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply