रामपुर में जिला प्रशासन द्वारा गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता के दावों के बावजूद, जमीनी हकीकत अलग है। भारत गैस एजेंसी के बाहर बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस सिलेंडर और केवाईसी संबंधी समस्याओं को लेकर परेशान दिखाई दिए।एजेंसी के बाहर खड़े उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें न तो समय पर गैस मिल रही है और न ही केवाईसी प्रक्रिया ठीक से पूरी हो पा रही है। कई लोगों का कहना था कि वे पिछले कई दिनों से लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। उपभोक्ता अंजलि ने बताया कि वह पिछले दो-तीन दिनों से केवाईसी करवाने आ रही हैं, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि केवाईसी के बिना सिलेंडर मिलने की उम्मीद भी खत्म हो जाती है। रजिया नामक महिला ने अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि पहले उन्हें बताया गया था कि उनकी केवाईसी पूरी हो चुकी है, लेकिन अब एजेंसी कर्मचारी कह रहे हैं कि केवाईसी नहीं हुई है, जिससे वह काफी परेशान हैं। उपभोक्ता लगातार समस्याओं का सामना कर रहे कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी बताया कि गैस मिल तो रही है, लेकिन बहुत सीमित मात्रा में। सावेज नाम के एक उपभोक्ता ने कहा कि उन्हें हाल ही में गैस सिलेंडर मिला था और वह यह जानने आए थे कि अगली बुकिंग पर सिलेंडर कब उपलब्ध होगा। सीमा नामक महिला ने आरोप लगाया कि एजेंसी ने पहले केवाईसी पूरी होने की बात कही थी, लेकिन अब इससे इनकार किया जा रहा है। वहीं एक अन्य महिला ने स्पष्ट कहा कि गैस नहीं मिल रही है और लोग केवल परेशान हो रहे हैं। कुल मिलाकर, प्रशासन के दावों और जमीनी स्थिति के बीच एक बड़ा अंतर साफ नजर आ रहा है। जिससे आम उपभोक्ता लगातार समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

Leave a Reply