रामपुर प्रशासन ने गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोयला ढाबा पर छापा मारा। इस दौरान 13 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। यह कार्रवाई 19 मार्च 2026 को दोपहर 2:10 बजे बिलासपुर रोड स्थित चाकू चौराहे के पास की गई। जिला पूर्ति अधिकारी पूरन सिंह चौहान के नेतृत्व में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अजीत कुमार, विनोद कुमार विश्वकर्मा, पूर्ति निरीक्षक चुन्नीलाल और फरीन जहां की एक संयुक्त टीम ने यह निरीक्षण किया। जांच के दौरान ढाबे के किचन से कुल 13 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिनमें 9 बड़े और 4 छोटे सिलेंडर शामिल थे।
टीम को मौके पर कुछ सिलेंडर भरे और सीलबंद हालत में मिले, जबकि कई खाली थे। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ सिलेंडर अलग-अलग कंपनियों के थे और बिना किसी वैध कनेक्शन या रिकॉर्ड के इस्तेमाल किए जा रहे थे। ढाबे के सुपरवाइजर लईक हसन ने लिखित रूप से स्वीकार किया कि गैस विभिन्न एजेंसियों से ली जाती थी और इसके संबंध में कोई अधिकृत दस्तावेज मौजूद नहीं है।
प्रशासन ने सभी जब्त सिलेंडरों को शमीम इंडेन ग्रामीण वितरक, आंगा को सुरक्षित अभिरक्षा में सौंप दिया है। यह भी निर्देश दिया गया है कि आवश्यकता पड़ने पर इन सिलेंडरों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि ढाबा संचालक द्वारा गैस का अवैध भंडारण और दुरुपयोग किया जा रहा था। यह द्रवित पेट्रोलियम गैस आदेश-2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 का उल्लंघन है। इसके चलते कोयला ढाबा के मालिक, जिन्हें ‘कोयला बाबा’ के नाम से जाना जाता है, के खिलाफ धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गैस की कालाबाजारी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply