रामपुर भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने ईद के अवसर पर नई दिल्ली में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नकवी को ईद की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियान और समाज में आपसी सौहार्द मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि ईद का त्योहार प्रेम, सद्भाव और एकता का प्रतीक है। यह पर्व समाज को जोड़ने और आपसी रिश्तों को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की नीति पर काम करते हुए समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने के लिए प्रतिबद्ध है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने भी सभी को ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि त्योहार समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों के बीच भाईचारा बढ़ाते हैं। नकवी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें तथा लोगों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस मुलाकात के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, प्रदीप गुप्ता, सोनू लोधी, विक्रम सिंह, कपिल आर्य, दीपक गुप्ता और ओमप्रकाश लोधी सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दी और भाईचारे का संदेश दिया।

Leave a Reply