रामपुर के माल गोदाम तिराहे के पास स्थित रेलवे अंडरपास इन दिनों राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। ज्वालानगर के राम रहीम ओवरब्रिज पर मरम्मत कार्य चलने के कारण यातायात प्रभावित है, जिसके चलते लोग वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस अंडरपास का उपयोग कर रहे हैं। यह अंडरपास पूरी तरह से बदहाल स्थिति में है। यहां कीचड़, फिसलन और पानी भरा रहने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासी विनय दिवाकर ने बताया कि लोगों के पास कोई आसान विकल्प नहीं है, इसलिए उन्हें रोज इस खतरनाक रास्ते से गुजरना पड़ता है। दौलत राम के अनुसार, यदि यहां थोड़ी मिट्टी डाल दी जाए तो लोगों को काफी राहत मिल सकती है। एक अन्य व्यक्ति राजेश ने इस रास्ते को बेहद खतरनाक बताते हुए इसे जल्द ठीक कराने की मांग की। उन्होंने सुरक्षित आवागमन की सुविधा पर जोर दिया। एक पंडित जी, जो कथा करने जा रहे थे, वे भी इस कीचड़ में फंस गए। उन्होंने बताया कि बड़ी मुश्किल से अन्य लोगों की मदद से उनका स्कूटर अंडरपास से निकल पाया। इस मामले पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी दुर्गेश्वरी त्रिपाठी ने कहा है कि रेलवे के अधिकारियों से बातचीत करके अंडरपास की साफ-सफाई व्यवस्था करवाई जाएगी ताकि राहगीरों को कोई दिक्कत न हो। वहीं, रेलवे जंक्शन प्रभारी आजम खान ने बताया कि अंडरपास रेलवे का है, लेकिन इसकी देखरेख की जिम्मेदारी नगर पालिका की है। वे रेलवे से अनुमति लेकर साफ-सफाई बेहतर बना सकते हैं।

Leave a Reply