मिर्जापुर में रामनवमी पर्व के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने नगर क्षेत्र में प्रस्तावित शोभायात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक के साथ सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षणाधीन), अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर विवेक जावला और थाना कोतवाली कटरा बैद्यनाथ व कोतवाली शहर के दयाशंकर ओझा ने पुलिस बल के साथ पैदल गश्त किया। यह गश्त मिश्रित आबादी और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में की गई। इस दौरान मुकेरी बाजार, गणेशगंज और कटरा क्षेत्र सहित प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान, पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से बातचीत की। उन्होंने सभी से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शोभायात्रा के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रामनवमी पर निकलने वाली शोभायात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे पर्व को आपसी भाईचारे और सहयोग के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह भी दी गई।

Leave a Reply