राम जन्मभूमि मंदिर में रामनवमी के अवसर पर इस बार भव्य और दिव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सुबह से ही मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो जाएगी, जिसमें देशभर से आए श्रद्धालु शामिल होंगे। ट्रस्ट सदस्य डॉ अनिल मिश्र ने बताया कि रामनवमी की सुबह भगवान श्रीराम का विधि-विधान से अभिषेक किया जाएगा। यह अभिषेक पंचगव्य, विभिन्न प्रकार के रस, सुगंधित द्रव्यों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न होगा। 56 प्रकार के व्यंजनों का लगेगा भोग
अभिषेक के बाद भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा। इसमें पारंपरिक मिठाइयों, फल, सूखे मेवे और विशेष पकवानों को शामिल किया जाएगा, जिसे ‘छप्पन भोग’ के रूप में सजाया जाएगा। दोपहर 12 बजे होगा प्रकट उत्सव
रामनवमी के दिन दोपहर ठीक 12 बजे भगवान श्रीराम के जन्म का प्रतीकात्मक ‘प्रकट उत्सव’ मनाया जाएगा। इस दौरान मंदिर परिसर में विशेष आरती, शंखनाद और जयकारों के बीच वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। सूर्य तिलक बनेगा मुख्य आकर्षण
प्रकट उत्सव के बाद भगवान का ‘सूर्य तिलक’ किया जाएगा, जो इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा। विशेष तकनीक और परंपरागत विधि के संयोजन से सूर्य की किरणें सीधे भगवान के मस्तक पर तिलक करेंगी। दूरदर्शन पर होगा लाइव प्रसारण
पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन पर किया जाएगा, जिससे देश-विदेश के श्रद्धालु इस दिव्य आयोजन का दर्शन कर सकेंगे।

Leave a Reply