प्रतापगढ़ में चैत्र नवरात्रि और रामनवमी के पावन अवसर पर प्रसिद्ध मां बेल्हा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। सुबह करीब 4 बजे से ही दूर-दराज से आए भक्त माता के दर्शन, पूजन और हवन के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं। पूरा मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ और भगवान श्री राम के जयकारों से गूंज रहा है। श्रद्धालु माता के दरबार में माथा टेककर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। पूजा-अर्चना के बाद भक्त प्रसाद चढ़ाकर और हवन कर विधिवत विदाई ले रहे हैं। यहां गुड़हल के फूल अर्पित कर माता को प्रसन्न करने की विशेष परंपरा भी देखने को मिल रही है। मां बेल्हा देवी मंदिर को 51 शक्ति पीठों में एक महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है। यही कारण है कि नवरात्रि के दौरान यहां उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल तैनात कर सुचारू दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। रामनवमी के इस पावन अवसर पर मां बेल्हा देवी मंदिर में आस्था, श्रद्धा और उत्साह का संगम देखने को मिल रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर है।

Leave a Reply