बलरामपुर के सदर तहसील के पडरी रैकवार गांव में रामनवमी के दिन स्ट्रीट लाइट की बिजली गुल होने से विवाद खड़ा हो गया। इस मामले में स्थानीय विधायक पलटूराम विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) राम चरित्र पर जमकर बरसे और कड़े शब्दों में धमकाया। जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। गांव के प्रधान सुभाष वर्मा ने बिजली कटौती की शिकायत की थी। इसके बाद विधायक पलटूराम ने मामले की पड़ताल की। विधायक का आरोप है कि जेई राम चरित्र ने मौके पर मौजूद रहकर स्ट्रीट लाइट की बिजली कटवाई थी। विधायक ने जेई राम चरित्र को फोन कर जवाब-तलब किया। फोन पर हुई बातचीत के दौरान बहस इतनी बढ़ गई कि विधायक ने कथित तौर पर जेई को छुट्टी पर चले जाने तक की चेतावनी दे डाली। उन पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने का भी आरोप है। जनहित की अनदेखी बर्दाश्त नहीं दूसरी ओर, जेई राम चरित्र ने इन आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्होंने बिजली नहीं कटवाई थी और यह घटना केवल शॉर्ट सर्किट के कारण हुई थी। जेई ने विधायक के साथ हुई बातचीत का ऑडियो वायरल कर दिया, जिससे यह मामला और गरमा गया। विधायक पलटूराम ने अपने बचाव में कहा कि संबंधित जेई लंबे समय से गरीबों को परेशान कर रहा है और त्योहार के दिन जानबूझकर बिजली कटवाई गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कोई धमकी नहीं दी, बल्कि जनहित में सुधार के लिए सख्त हिदायत दी थी। विधायक ने कहा कि जनहित की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply