भदोही में चैत्र नवरात्रि की नवमी तिथि पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से कन्या पूजन कर नौ दिनों के व्रत का पारण किया। घरों और मंदिरों में पूरे दिन भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।
नवरात्र के नौ दिनों तक व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने नवमी के दिन मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना के उपरांत कन्या पूजन किया। घरों और मंदिरों में कलश स्थापना कर पूजा करने वाले भक्तों ने छोटी-छोटी कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनका विधिपूर्वक पूजन किया। परंपरा के अनुसार, कन्याओं को घर बुलाकर उनके पैर धोए गए, तिलक लगाया गया और उन्हें प्रसाद के रूप में पूड़ी, हलवा, चना व अन्य व्यंजन परोसे गए। इसके बाद व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने अपना उपवास खोला। पूरे नवरात्र के दौरान जिले के मंदिरों में सुबह से लेकर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भक्तों ने पूजा-अर्चना के साथ संध्याकालीन आरती में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
गोपीगंज, ज्ञानपुर, सुरियावां, भदोही और औराई समेत ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने उत्साहपूर्वक कन्या पूजन कर व्रत का पारण किया। इससे पूरे जिले में भक्तिमय माहौल बना रहा।
धार्मिक मान्यता है कि कन्या पूजन से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और घर-परिवार में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली आती है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण, देश की उन्नति और परिवार की खुशहाली की कामना की।

Leave a Reply