DniNews.Live

राप्ती नदी में डूबने से हुई थी 2-किशोरों की मौत:SSB ने पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी

श्रावस्ती में राप्ती नदी में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। यह घटना बीते रविवार को जंगरावल गढ़ी गांव के पास हुई। इस हादसे के बाद सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 62वीं वाहिनी, भिनगा ने पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की है। मृतकों की पहचान अखिलेश उर्फ अनिल यादव (15) और सूरज यादव (13) के रूप में हुई है। अखिलेश, 45वीं वाहिनी एसएसबी वीरपुर (बिहार) में तैनात मुख्य आरक्षी राजेश यादव के पुत्र थे, जबकि सूरज उनके चचेरे भाई और घनश्याम यादव के पुत्र थे। दोनों श्रावस्ती के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया था। सूरज यादव को नदी से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लगभग तीन घंटे बाद अखिलेश उर्फ अनिल को भी बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी भी जान नहीं बचाई जा सकी थी। इस घटना के बाद, जिलाधिकारी श्रावस्ती की अनुमति से 62वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट अमरेंद्र कुमार वरुण ने शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी कार्यालय के सहयोग से दोनों परिवारों को 4-4 लाख रुपये की अहेतुक सहायता राशि प्रदान की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, अखिलेश के पिता राजेश यादव हाल ही में 15 दिन की छुट्टी पर घर आए थे। रविवार को दोनों किशोर अपने पैतृक गांव नदी किनारे टहलने गए थे, जहाँ वें नहाने चले गए थे और गहरे पानी में चले जाने के कारण यह हादसा हुआ। सूरज अपने पिता के इकलौते पुत्र थे, जबकि अखिलेश चार भाई-बहनों में सबसे बड़े थे और इकौना के एक अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में कक्षा 7 के छात्र थे। एसएसबी 62वीं वाहिनी ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *