राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया:बबिता सिंह बोलीं- योगी सरकार में अपराधी बच नहीं सकता

राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया:बबिता सिंह बोलीं- योगी सरकार में अपराधी बच नहीं सकता
हाथरस में जिला महिला अस्पताल में कन्या जन्मोत्सव एवं नियमित टीकाकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एचपीवी वैक्सीन का शुभारंभ हुआ। जिसमें राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने अध्यक्ष चौहान का स्वागत किया। उन्होंने जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया और वहां भर्ती गर्भवती महिलाओं से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। बबिता सिंह चौहान ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार बालिकाओं के संरक्षण, पोषण और शिक्षा के लिए कई योजनाएं चला रही हैं। उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’, ‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना’ और ‘पोषण अभियान’ जैसी योजनाओं का उल्लेख किया, जिनका उद्देश्य बेटियों को सुरक्षित और सशक्त बनाना है। अध्यक्ष ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 15 वर्ष तक की किशोरियों को स्वास्थ्य केंद्रों पर एचपीवी वैक्सीन निःशुल्क लगाई जा रही है। उन्होंने वैक्सीन लगवाने आई बच्चियों से मुलाकात की और अभिभावकों से अपनी बच्चियों को यह वैक्सीन लगवाने की अपील की। उन्होंने वैक्सीन के लाभ और सरकार की अन्य जनहितकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। कोर्ट की कार्रवाई पर प्रश्नचिह्न नहीं बागला कॉलेज के एक प्रोफेसर के दोषमुक्त होने के संबंध में पूछे जाने पर, चौहान ने कहा कि जब यह शिकायत महिला आयोग तक पहुंची थी, तब आयोग ने मामले की जांच कराई थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि न्यायालय में सभी कार्य निष्पक्ष होते हैं, इसलिए न्यायालय की कार्रवाई पर प्रश्नचिह्न नहीं लगाया जा सकता। बबिता सिंह चौहान ने कहा कि योगी सरकार में कोई भी अपराधी बच नहीं सकता और सरकार किसी दबाव में काम नहीं करती। इस कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, जिला महिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

