![]()
राजवंश हत्याकांड का खुलासा, पत्नी और बहनोई गिरफ्तार:चंदौली में अवैध संबंधों के चलते की गई थी हत्या, शव पेड़ से लटकाया
चंदौली जिले की बबुरी थाना पुलिस ने राजबंश बियार हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी रामदुलारी और उसके बहनोई रामजनम को गिरफ्तार किया है। अवैध संबंधों के चलते राजबंश की हत्या की गई थी। पुलिस के अनुसार, रामदुलारी और रामजनम के बीच अवैध संबंध थे। जब राजबंश को इसकी जानकारी हुई, तो दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई। उन्होंने राजबंश का रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद, शव को रस्सी के सहारे पेड़ से लटका दिया ताकि इसे आत्महत्या दर्शाया जा सके। दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया यह घटना 1 मार्च की है, जब बबुरी थानाक्षेत्र के खुरूहूजा गांव निवासी हीरा बियार ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके भतीजे राजबंश बियार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में राजबंश की गला दबाकर हत्या किए जाने का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई। मामले की गहन जांच के बाद, पुलिस टीम ने तमाम साक्ष्यों के आधार पर राजबंश की पत्नी रामदुलारी और सिरकुटिया निवासी रामजनम को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि उनके बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे और 1 मार्च की रात राजबंश ने उन्हें आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसी के बाद उन्होंने राजबंश को रास्ते से हटाने का फैसला किया। बुधवार को एसपी आकाश पटेल ने पुलिस लाइन में इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से की गई इस हत्या का पर्दाफाश कर दिया है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply