राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कैमूर की जिला कार्यकारिणी एवं विधानसभा चुनाव समीक्षा बैठक बुधवार को भभुआ स्थित पार्टी के प्रधान कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में बक्सर सांसद और पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अकलू राम ने की, जबकि प्रधान महासचिव भोला नाथ सिंह यादव ने संचालन किया। धनबल के माध्यम से जनादेश को किया गया प्रभावित बैठक के दौरान वक्ताओं ने विधानसभा चुनाव परिणामों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनावों में सरकारी मशीनरी का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया गया और धनबल के माध्यम से जनादेश को प्रभावित किया गया। सांसद सुधाकर सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे चुनाव परिणाम से पराजित जरूर हुए हैं, लेकिन हताश नहीं हैं। उन्होंने आगामी चुनावों के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सरकार की विफलताओं को जनता तक पहुंचाया जाएगा। विशेष रूप से, एनडीए सरकार द्वारा जीविका दीदियों को रोजगार के लिए 2 लाख रुपये देने के वादे को लेकर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा और यह राशि दिलवाने के लिए संघर्ष किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व प्रत्याशी बृज किशोर बिंद, बिरेंद्र कुशवाहा, आसिफ मुन्ना खान, बिरजू पटेल, मिलन सिंह और अशोक यादव कैमूरी सहित कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने एक स्वर में कहा कि राजद जनता के मुद्दों पर सड़क से सदन तक अपनी लड़ाई जारी रखेगा।
https://ift.tt/m0y4t6w
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply