DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

राजगीर महोत्सव में बॉलीवुड सिंगर सलमान अली का परफॉर्मेंस:सूफी गीत ‘दम मस्त कलंदर’ पर समां बांधा; दंगल में पहलवानों ने दिखाया दम

नालंदा जिले के ऐतिहासिक नगर राजगीर में आयोजित हो रहे राजगीर महोत्सव 2025 का दूसरा दिन सांस्कृतिक गतिविधियों, खेल प्रतियोगिताओं और कृषि प्रदर्शनी से गुलजार रहा। इस बहुआयामी महोत्सव में बॉलीवुड गायक सलमान अली की मधुर प्रस्तुति से लेकर पारंपरिक कुश्ती दंगल और आधुनिक कृषि तकनीक के प्रदर्शन तक, हर वर्ग के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड के मशहूर गायक सलमान अली ने अपनी सुरीली आवाज से हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच पर आते ही उन्होंने ‘तेरी दीवानी’ से शुरुआत की और फिर एक के बाद एक लोकप्रिय गीतों की झड़ी लगा दी। सूफी गीत ‘दम मस्त कलंदर’ और रोमांटिक गीत ‘हमें तुमसे प्यार कितना’ जैसे गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए। पुराने और नए गीतों के मेल से सजी इस संगीत महफिल में युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने भरपूर आनंद लिया। महिला महोत्सव में छात्राओं ने बिखेरे हुनर के जौहर महोत्सव के अंतर्गत आयोजित महिला महोत्सव में नालंदा जिले के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। शास्त्रीय संगीत, लोकगीत, लोक नृत्य, मेहंदी और मेकअप प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। मेहंदी प्रतियोगिता में आकृति कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि मेकअप प्रतियोगिता में मोनिका कुमारी शीर्ष पर रहीं। लोक नृत्य समूह प्रतियोगिता में संत जेवियर्स गर्ल्स स्कूल की टीम ने आसमी बिहू नृत्य पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। शास्त्रीय संगीत में चैतन्य घोष और लोक गीत में प्रियंका कुमारी विजेता रहीं। पारंपरिक दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम राजगीर महोत्सव की एक अन्य विशेषता रही दो दिवसीय दंगल प्रतियोगिता, जिसका शुभारंभ स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस प्रतियोगिता में बिहार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और अन्य राज्यों से आए प्रसिद्ध पहलवानों ने भाग लिया। जनप्रतिनिधियों ने कुश्ती को भारत की प्राचीन खेल परंपरा का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के साथ युवाओं में शारीरिक फिटनेस और अनुशासन का विकास करते हैं। पुरुष वर्ग में मूर सुलीन (मेरठ), सुशील कुमार (हरियाणा) और सचिन कुमार (पंडारक) ने अपने-अपने ग्रुप में बेहतरीन प्रदर्शन किया। महिला वर्ग में साहदी कुमारी (पटना), जमीनी चाहर (आगरा) और माही कुमारी (पंडारक) विजेता रहीं। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य रीना यादव, पूर्व विधान परिषद सदस्य राजू यादव, जेडीयू प्रदेश महासचिव इंजीनियर सुनील सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। कृषि मेला: हल से हाईटेक तक का सफर महोत्सव का एक महत्वपूर्ण आयाम रहा कृषि मेला, जिसमें हजारों किसानों ने नई कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सात निश्चय पार्ट-3 और कृषि रोडमैप के तहत आयोजित इस मेले में ‘सफर की खेती, हल से हाईटेक तक’ का लाइव प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. नितेश कुमार ने बताया कि पत्थर के औजारों से लेकर पारंपरिक हल-बैल, हरित क्रांति के उपकरणों और आधुनिक ड्रोन तकनीक तक की विकास यात्रा को मॉडल और चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। जैविक कोरिडोर योजना के तहत जिले के 12 प्रखंडों में 2117 किसान 2000 एकड़ में जैविक खेती कर रहे हैं। इसके अलावा 1875 किसानों द्वारा प्राकृतिक खेती के 15 क्लस्टर का निर्माण किया गया है। जैविक उत्पादन प्रदर्शनी-सह-प्रतियोगिता में विनित राज भारती को सर्वाधिक छह पुरस्कार मिले, जबकि रामलाल कुमार को चार पुरस्कार प्राप्त हुए।


https://ift.tt/4gO8wPj

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *