DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

राजगीर महोत्सव की तैयारी 17 तक पूरी करने के निर्देश:ऐतिहासिक धरोहरों की प्रदर्शनी लगेगी, आरआईसीसी-हॉकी मैदान में होगा आयोजन

19 से 21 दिसंबर के बीच आयोजित होने वाले राजगीर महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने शनिवार को आरआईसीसी राजगीर में समीक्षा बैठक की। जिलाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने महोत्सव की तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में जिलाधिकारी ने राजगीर की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत को उजागर करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि महोत्सव के दौरान मौर्यन एंपायर जैसे ऐतिहासिक धरोहरों की प्रदर्शनी लगाई जाए। साथ ही, गुरुद्वारा, जरासंध अखाड़ा, शांति स्तूप और ब्रह्म कुंड जैसे स्थलों के इतिहास को भी प्रदर्शित किया जाना है, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को राजगीर की विरासत से परिचित कराया जा सके। महोत्सव का आयोजन आरआईसीसी और हॉकी मैदान के निकट खाली भूखंड पर किया जाएगा। इस 3 दिवसीय कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, कृषि मेला, व्यंजन मेला, महिला महोत्सव, खेल महोत्सव और नुक्कड़ नाटक जैसी विविध गतिविधियां शामिल की गई हैं। विशेष आकर्षण के रूप में सद्भावना मार्च, तांगा और पालकी सज्जा प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसके अलावा, निजी घरों, होटलों और अन्य भवनों की लाइटिंग प्रतियोगिता भी रखी गई है, जिसमें विजेताओं को जिला प्रशासन सम्मानित करेगा। पर्यटन को बढ़ावा देने की व्यापक योजना जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर को निर्देश देते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय पर्यटकों के लिए समुचित सुविधाओं की व्यवस्था की जाए। इसमें रात्रि सुविधा, पैकेज टूर, पर्यटन क्षेत्रों में लाइटिंग, मल्टी स्टोरेज पार्किंग और वेंडिंग जोन को सुदृढ़ करना शामिल है। उन्होंने कहा कि मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पर्यटकों को राजगीर की ओर आकर्षित करना है। पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने महोत्सव के दौरान विधि व्यवस्था, शांति और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अग्निशमन, यातायात और वाहन पार्किंग व्यवस्था को हर हाल में सुनिश्चित करने पर जोर दिया। पुलिस की सॉफ्ट ट्रेनिंग की भी व्यवस्था की गई है ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। 17 दिसंबर तक पूरी हो तैयारी स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 17 दिसंबर तक सभी स्टॉल और अन्य व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं। बैठक में विधि व्यवस्था, लाइटिंग, प्रचार-प्रसार, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा व्यवस्था और सड़क मरम्मत जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, समाज कल्याण और बाल संरक्षण इकाई के पदाधिकारी उपस्थित थे।


https://ift.tt/4zBfZv5

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *