![]()
रमजान में कुरान मुकम्मल होने पर इमाम का सम्मान:संभल में 45 हजार नकद व स्कूटी भेंट, मस्जिद में सजावट, अमन-चैन की दुआ मांगी
संभल के सरायतरीन क्षेत्र में रमजान-उल-मुबारक के दौरान एक मस्जिद में कुरान-ए-करीम मुकम्मल होने पर इमाम को सम्मानित किया गया। मोहल्ला कोटला स्थित बिलाल मस्जिद में तरावीह की नमाज के 29 दिनों में कुरान शरीफ पूरा किया गया। इस मौके पर इमाम हाफिज मोहम्मद वसी को 45 हजार रुपये नकद और एक स्कूटी भेंट की गई। यह सम्मान मस्जिद के नमाजियों और खासतौर पर मोहल्ले के युवाओं की पहल पर किया गया। स्कूटी देने के लिए युवाओं ने अपने स्तर पर चंदा जुटाया। इस सराहनीय कार्य की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। कुरान मुकम्मल होने के अवसर पर मस्जिद को रंग-बिरंगी रोशनी और झालरों से सजाया गया। अकीदतमंदों ने मुल्क और कौम की तरक्की के लिए दुआएं मांगीं। कार्यक्रम के दौरान नात-ए-पाक भी पेश की गई। इमामों के सम्मान की पुरानी परंपरा सभासद मोहम्मद शौकीन ने बताया कि रमजान के महीने में इमामों को सम्मानित करने की परंपरा पुरानी है। उन्होंने युवाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इमामों की आमदनी सीमित होती है, ऐसे में समाज को उनका सहयोग करना चाहिए। इमाम ने जताया आभार, दी तालीम की अपील इमाम मोहम्मद वसी ने सम्मान के लिए सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अल्लाह के फजल से उन्हें कुरान मुकम्मल कराने का मौका मिला। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खुद और अपने बच्चों को कुरान की तालीम दें। कार्यक्रम के अंत में देश और दुनिया में अमन-चैन के लिए दुआएं मांगी गईं।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply