DniNews.Live

यूपी में पेट्रोल-LPG की किल्लत नहीं:पैनिक बायिंग से 26 मार्च को बिका दोगुना पेट्रोल-डीजल: संजय भंडारी

उत्तर प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और LPG को लेकर किसी तरह की कमी नहीं है। स्टेट लेवल कोऑर्डिनेटर संजय भंडारी ने कहा कि 25-26 मार्च के बीच पैनिक बायिंग से अचानक डिमांड बढ़ी, लेकिन सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और हर जगह डिलीवरी की जा रही है। स्टेट लेवल कोऑर्डिनेटर संजय भंडारी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की कोई भी कमी नहीं है। सिर्फ पैनिक बायिंग की वजह से 25 और 26 मार्च को दो गुना से ज्यादा पेट्रोल और डीजल की बिक्री हुई है।जितना स्टॉक सामान्य दिनों में रहता था, उतना स्टॉक आज भी तीनों कंपनियों के पास है।

दो दिन की घबराहट, हर जगह सप्लाई कायम

संजय भंडारी ने बताया कि सिर्फ दो दिनों में पैनिक का माहौल बना, लेकिन इसके बावजूद कहीं भी सप्लाई बाधित नहीं हुई। 26 मार्च को खासतौर पर लखनऊ समेत कई जिलों में डिमांड बढ़ी, जिसके मुताबिक टैंकर भेजकर सभी जरूरतों को पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि राज्य में 7 दिन का बैकअप स्टॉक हमेशा बना रहता है और मौजूदा समय में भी पर्याप्त रिजर्व मौजूद है।

पेट्रोल-डीजल की खपत लगभग दोगुनी
आंकड़ों के मुताबिक 26 मार्च 2025 के मुकाबले 26 मार्च 2026 को पेट्रोल की सप्लाई लगभग दोगुनी हो गई। पिछले साल 15 हजार किलोलीटर पेट्रोल की सप्लाई थी, जो इस बार बढ़कर 29 हजार किलोलीटर यानी करीब 2 करोड़ 90 लाख लीटर पहुंच गई।
डीजल में भी यही ट्रेंड दिखा। 2025 में 28 हजार किलोलीटर डीजल की सप्लाई थी, जो 2026 में बढ़कर 51 हजार किलोलीटर यानी करीब 5 करोड़ 1 लाख लीटर हो गई।

LPG में रिकॉर्ड बुकिंग, तेजी से डिलीवरी

LPG की डिमांड भी अचानक बढ़ी है। 26 मार्च को करीब 11.90 लाख सिलेंडर बुक हुए, जिनमें से 7.83 लाख की डिलीवरी कर दी गई। सामान्य दिनों में जहां 10 लाख बुकिंग होती है, वहां करीब 7 लाख सिलेंडर ही डिलीवर होते हैं।

लखनऊ समेत जिलों में ज्यादा दबाव, जल्द सामान्य होंगे हालात

लखनऊ, सीतापुर, बहराइच और गोंडा में एक-दो दिनों के भीतर डिमांड ज्यादा रही। वहीं गोरखपुर, महाराजगंज, बस्ती और अयोध्या में पहले बढ़ी मांग अब सामान्य हो चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि बाकी जिलों में भी जल्द स्थिति सामान्य हो जाएगी।

ऑयल कंपनियों की मीटिंग, पेमेंट मुद्दा होगा साफ
भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के साथ मीटिंग बुलाई गई है। भंडारी ने कहा कि पेमेंट से जुड़ा जो मुद्दा सामने आया है, वह कंपनियों का आंतरिक मामला हो सकता है, लेकिन बातचीत के जरिए इसे जल्द सुलझा लिया जाएगा।

मजबूत सप्लाई सिस्टम, हर पंप पर नजर
ऑटोमेशन सिस्टम के जरिए हर रिटेल आउटलेट की निगरानी की जा रही है। जहां सामान्य से पांच गुना तक बिक्री बढ़ती है, वहां तुरंत सप्लाई बढ़ाने का मैकेनिज्म लागू किया जाता है। इंडियन ऑयल के साथ-साथ भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम तीनों कंपनियां मिलकर लगातार सप्लाई बनाए हुए हैं।

स्टॉक पर्याप्त, कहीं कोई संकट नहीं

प्रदेश में करीब 4.85 करोड़ LPG उपभोक्ता हैं। डिस्ट्रीब्यूटर के पास औसतन डेढ़ दिन और बॉटलिंग प्लांट पर करीब 4 दिन का स्टॉक मौजूद है। पेट्रोल पंपों पर भी 4-5 दिन का स्टॉक रहता है, जबकि कुल मिलाकर 15-18 दिन का रिजर्व उपलब्ध है।
केंद्र सरकार के अनुसार देश में करीब 60 दिन का क्रूड ऑयल स्टॉक भी मौजूद है, जो सामान्य से ज्यादा है।

अफवाहों से बचें, सामान्य तरीके से खरीदारी करें
संजय भंडारी ने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि न तो कोई क्राइसिस है और न ही सप्लाई चेन में कोई बाधा है। पेट्रोल-डीजल की खरीद पर किसी तरह की कोई रोक नहीं है, इसलिए लोग जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें और पैनिक बायिंग से बचें।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *