![]()
यूपी बोर्ड मूल्यांकन शुरू, पहले दिन 20564 उत्तरपुस्तिकाएं जांची गईं:चार केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, CCTV की कड़ी निगरानी
जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन बुधवार से शुरू हो गया। पहले दिन चार केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में कुल 20,564 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने मूल्यांकन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारी की थी। जिले में मूल्यांकन कार्य के लिए चार केंद्र बनाए गए हैं। इनमें डीएवी इंटर कॉलेज और तालीमुद्दीन इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो रहा है, जबकि नेहरू इंटर कॉलेज और टाउन इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है। मूल्यांकन कार्य सुबह 10 बजे के बाद शुरू हुआ। मूल्यांकन के पहले दिन 1052 शिक्षक अनुपस्थित रहे, जिससे कार्य की गति प्रभावित हुई। जनपद में कुल 2197 शिक्षकों को मूल्यांकन के लिए तैनात किया गया था, लेकिन इनमें से केवल 1145 शिक्षक ही केंद्रों पर उपस्थित हुए। डीएवी इंटर कॉलेज में 198 शिक्षकों ने 4291 इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया। तालीमुद्दीन इंटर कॉलेज में 171 शिक्षकों ने 2554 इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की। वहीं, नेहरू इंटर कॉलेज में 406 शिक्षकों ने 9156 हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया, और टाउन इंटर कॉलेज में 370 शिक्षकों ने 4563 हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) गौतम प्रसाद ने मूल्यांकन केंद्रों का दौरा कर जायजा लिया। डीआईओएस ने बताया कि सभी चारों केंद्रों के प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। स्टैटिक मजिस्ट्रेट और कैमरों की निगरानी में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर कड़ी नजर रखी जा सके। सभी परीक्षकों को त्रुटि रहित मूल्यांकन करने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों पर मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित था।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply