नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर यूपी PCS रिजल्ट के ऐलान और विभिन्न पदों पर सेलेक्ट हुए अभ्यर्थियों से जुड़ी है। वहीं, दूसरी खबर सीएम योगी के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाने के ऐलान को लेकर है। चलिए, सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- PCS पास किया तो फूट-फूटकर रोया; 4 महीने पहले मां बनीं श्वेता अब SDM प्रयागराज के आनंदराज सिंह PCS परीक्षा पास होने की खुशी में हनुमान मंदिर पहुंचे और मत्था टेककर फूट-फूटकर रोने लगे। कौशांबी के चाय वाले के बेटे सुनील मौर्य टैक्स अफसर बने। 4 महीने पहले मां बनीं श्वेता SDM बन गई हैं। सेकेंड टॉपर 25 साल की अनन्या के पिता सुशील त्रिवेदी परचून की दुकान चलाते हैं। यूपी पीसीएस 2024 रिजल्ट रविवार आधी रात में जारी हुआ। पूरी खबर पढ़ें 2- आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ेगा; 69 हजार स्मार्टफोन बांटे सीएम योगी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा- अगर आंगनबाड़ी केंद्र स्मार्ट होगा तो आपका मानदेय भी स्मार्ट होना चाहिए। मैंने विभाग से कह दिया है कि जल्द-से-जल्द मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव लाएं। सम्मानजनक मतलब न्यूनतम मानदेय की गारंटी मिलनी चाहिए। सोमवार को कार्यक्रम में 69 हजार स्मार्टफोन बांटे गए। पूरी खबर पढ़ें 3- सीतापुर में तड़के 3 बजे मस्जिद को ढहाया; 12 साल पहले बनी थी सीतापुर में एक मस्जिद को बुलडोजर से ढहा दिया गया। यह 12 साल पहले बनाई गई थी। एडीएम नीतीश कुमार अफसरों के साथ सोमवार तड़के 3 बजे मौके पर पहुंचे। वह 5 बुलडोजर और 500 पुलिसवाले लेकर पहुंचे थे ताकि कोई गतिरोध न हो। सुबह 8 बजे तक मस्जिद को जमींदोज कर दिया। बताया जा रहा कि मस्जिद अवैध तरीके से तालाब की जमीन पर बनाई गई थी। पूरी खबर पढ़ें 4- बरेली SP अंशिका मां के गले लगकर रोईं; एक रुपए शगुन में संभल SP से शादी बरेली SP अंशिका विदाई के वक्त अपनी मां और बहन के गले लगकर फूट-फूटकर रोईं। विदाई में राजस्थानी लुक में दिखीं। रविवार रात IPS केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा शादी के बंधन में बंध गए। सोमवार दोपहर ढाई बजे राजस्थान के जोधपुर से बाड़मेर उनकी ससुराल के लिए विदाई हुई। शादी एक रुपए शगुन में हुई। जोधपुर में आज रिसेप्शन है। फिर बाडमेर रवाना होंगे। पूरी खबर पढ़ें 5- झांसी में बच्चे की आंख में कांटा घुसा, 10 डॉक्टरों ने की सर्जरी झांसी में 7 साल के बच्चे की आंख में खेलते समय कांटा घुस गया। कांटा आंख के अंदर पुतली को आर-पार कर गया। बच्चा दर्द से तड़पने लगा। इसके बाद घरवाले उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। बच्चे की हालत गंभीर थी। तत्काल उसे ओटी में ले गए। 10 डॉक्टरों की टीम ने उसका ऑपरेशन किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद आंख से कांटा निकाला जा सका। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें… 6- लखनऊ में एक्सिस बैंक के डिप्टी मैनेजर ने खुद को गोली मारी, रात में शादी से लौटे थे लखनऊ में एक्सिस बैंक के डिप्टी मैनेजर ने खुद को गोली मार सुसाइड कर लिया। कमरे में लहूलुहान हालात में मिले। गोरखपुर के काजी अहमद जैद (32) लखनऊ में परिवार के साथ रहते थे। गोंडा से वह रविवार रात में एक शादी में शामिल होकर लौटे थे। सोमवार सुबह घर की पहले मंजिल पर बने कमरे में पिस्टल से खुद को गोली मार ली। पत्नी पहुंची तो खून से लथपथ पड़े थे। पूरी खबर पढ़ें 7- हाईकोर्ट बोला- हिंदू-मुस्लिम का लिव-इन रिलेशन अपराध नहीं, कोई दखल नहीं दे सकता इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हिंदू-मुस्लिम के लिव-इन रिलेशनशिप को अपराध नहीं माना है। कोर्ट ने कहा- संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 21 के तहत अंतरधार्मिक जोड़े को भी साथ रहने का अधिकार है। बालिग होने के बाद कोई भी व्यक्ति जिसके साथ चाहे रह सकता है और उसकी इस पसंद में कोई भी दखल नहीं दे सकता है। उसे सुरक्षा भी दी जा सकती, अगर वह अपराधी नहीं है। पूरी खबर पढ़ें 8- अखिलेश पर डिप्टी सीएम का पलटवार, केशव बोले- अखिलेश दलित-पिछड़ों के विरोधी अखिलेश यादव की दादरी रैली पर दोनों डिप्टी सीएम ने निशाना साधा है। डिप्टी सीएम केशव मौर्या ने कहा-सपा और उसके मुखिया अखिलेश का चरित्र बांटों और राज करो का है। उनका PDA का नारा फर्जी है। वे पिछड़ों, दलितों के जन्मजात विरोधी हैं। बृजेश पाठक ने कहा- लगभग 100 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को लाने के बाद रैली की कुर्सियां खाली रह गईं। जनता ने नकार दिया है। 9- लखनऊ में पुलिसवालों को चप्पल से पीटा; सिपाहियों ने भागकर जान बचाई लखनऊ के कल्याणपुर गांव में पुलिसवालों पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। आरोप है कि पुलिसवालों को चप्पल से पीटा, वर्दी फाड़ दी। लाठी-डंडे लेकर दौड़ाया, ईंट-पत्थर चलाए। सिपाहियों ने भागकर जान बचाई। महिलाएं बोलीं- कईयों की वर्दी उतरवा चुकी हूं। मामले में 5 नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। हमलावर फरार हैं। पुलिस तलाश कर रही। पूरी खबर पढ़ें 10- ईरान जेल में बंद मर्चेंट यूपी के नेवी अफसर मुंबई पहुंचे, क्रूड ऑयल तस्करी में थे अरेस्ट ईरान की जेल में बंद मर्चेंट नेवी अफसर अनिल सिंह और गाजियाबाद के केतन मेहता सहित 8 भारतीय रिहा होकर मुंबई पहुंचे। 16 भारतीयों को क्रूड ऑयल तस्करी के आरोप में 8 दिसंबर 2025 को ईरानी नेवी ने गिरफ्तार किया था। 8 छोड़ दिए गए थे, लेकिन 8 लोग करीब चार महीने जेल में थे। 26 फरवरी को रिहा किया गया जो युद्ध की वजह से सोमवार सुबह भारत पहुंचे हैं। पूरी खबर पढ़ें 11- सुल्तानपुर में इंस्पेक्टर के सीने में गोली लगी, SP बोलीं- रिवॉल्वर गिरने से बुलेट चली सुल्तानपुर में तैनात इंस्पेक्टर अरुण द्विवेदी की सर्विस रिवॉल्वर से अचानक फायर हो गया। गोली उनके सीने को चीरते हुए कंधे में फंस गई। गोली लगने के बाद घाव को हाथ से दबाकर बाहर आए। थाने के सिपाही और दरोगा से जल्दी अस्पताल पहुंचाने को कहा। अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद लखनऊ पीजीआई लाया गया। SP बोलीं- रिवॉल्वर गिरने से बुलेट चली। पूरी खबर पढ़ें 12- अलीगढ़ के अस्पताल में महिला टीचर की मौत, डॉक्टर बोले- एनेस्थीसिया के बाद हार्ट बीट रुकी अलीगढ़ के प्राइवेट अस्पताल में महिला टीचर की मौत हो गई। पथरी के ऑपरेशन के लिए उनको भर्ती किया गया था। मौत के बाद परिजन भड़क गए। जमकर हंगामा किया, मारपीट भी हुई। पुलिस ने कार्रवाई के आश्वासन के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। परिजन बोले- एनेस्थीसिया के ओवरडोज से जान गई। डॉक्टर ने कहा- एनेस्थीसिया देने के बाद हार्ट बीट रुकी। पूरी खबर पढ़ें 13- गोरखपुर में 50 रुपए के लिए मारे थप्पड़, पुलिस पहुंची तो माफी मांगी गोरखपुर में 50 रुपए की डिस्काउंट नहीं देने पर महिला ग्राहक ने ड्राईक्लीनर्स की महिला रिसेप्शनिस्ट को थप्पड़ मार दी। महिला के कपड़ा धुलाई का बिल 800 रुपए आया था। रिसेप्शनिस्ट ने 50 रुपए डिस्काउंट देकर 750 कर दिए थे। वह 50 रुपए और कम करने की जिद करने लगी। मना करने पर थप्पड़ मार दी। पुलिस पहुंची तो महिला वापस आई और माफी मांगी। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- ‘786’ नंबर की कई देशों की करेंसी का कलेक्शन, मोबाइल- बिजली मीटर- गाड़ियों का भी सेम नंबर पीलीभीत के मोहम्मद उमर खान ने ‘786’ नंबर वाले नोटों और सिक्कों का एक अनूठा अंतरराष्ट्रीय कलेक्शन है। उनके पास 786 नंबर की कई देशों की करेंसी का कलेक्शन है। उमर खान को 786 नंबर का ऐसा क्रेज है कि उनके मोबाइल, एटीएम, गाड़ी, बिजली मीटर, बैंक खाते, गाड़ियों, पीएनटी का भी नंबर 786 ही है। विशेष संग्रह के लिए दुबई और इराक से निमंत्रण मिले हैं। कल क्या रहेगा खास… 15- स्कॉलरशिप आवेदन का आखिरी मौका 31 मार्च तक स्टूडेंट्स दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन कर सकता है। समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण के अनुसार, हर वर्ग के स्टूडेंट्स को आवेदन का एक और मौका दिया गया है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…

Leave a Reply