DniNews.Live

यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:अखिलेश बोले- योगी तो बड़े ‘धुरंधर’; पेट्रोल-डीजल भराने की होड़ मची; 25 चाकू मारकर बोला- वकील का बेटा हूं

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर यूपी में पेट्रोल और डीजल लेने के लिए पंपों पर उमड़ी भीड़ को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव की सीएम योगी पर तंज से जुड़ी है। चलिए, सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- यूपी में पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़; नायरा के पंपों पर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े यूपी में पेट्रोल-डीजल के लिए पंपों पर लाइनें लगी हैं। कई पंप दोपहर तक ड्राई हो गए। नायरा के पंपों पर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े। देवरिया में बर्तनों में तेल भराने की होड़ तो श्रावस्ती में गैलन में रोक पर भड़के किसानों ने हाईवे जाम किया। योगी बोले- लाइन न लगाएं। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि नया महीना आ रहा, भाजपा शासन में लोगों को लाइन के अलावा क्या मिला? पूरी खबर पढ़ें 2- अखिलेश बोले- हमारी विधायक को गुमराह कर ले गए, बताओ कहां FIR कराएं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीएम योगी पर तंज कसा। उन्होंने कहा- वह धुरंधर से भी बड़े धुरंधर हैं। हमारी विधायक को गुमराह कर ले गए। बताइए, हम कहां FIR कराएं। जितनी पीड़ा बढ़ेगी, उतना ही पीडीए बढ़ता चला जाएगा। भाजपा सरकार में केंद्र और प्रदेश के सभी मंत्री प्रोपेगेंडा मिनिस्टर हैं। सीएम के अंग्रेजी ट्वीट पर भी सवाल उठाया। पूरी खबर पढ़ें 3- गोरखपुर सांसद की योगी ने ली चुटकी, बोले- जंग न होती तो रविकिशन दुबई में होते गोरखपुर सांसद की चुटकी लेते हुए सीएम योगी बोले- जंग न होती तो रविकिशन यहां नहीं दुबई में होते। उन्होंने सहजनवा में आईटी पार्क का लोकार्पण किया। कहा- रविकिशन को विश्वास नहीं हो रहा, कह रहे थे कि गोरखपुर के विकास में 5000 करोड़ तो लग गए होंगे। मैंने कहा- आप गलत बोल रहे हैं। सिर्फ गोरखपुर में पिछले 9-10 साल में एक लाख करोड़ से ज्यादा पैसे लगे हैं। पूरी खबर पढ़ें 4- आगरा में बच्ची की लाश कनस्तर में ठूंसी, गला काटकर आटे की बोरी रखी आगरा में जूता कारोबारी की 8 साल की बच्ची की गला काटकर हत्या कर दी गई। बुधवार रात में किराएदार के कमरे में रखे एक कनस्तर से बच्ची की लाश मिली। ऊपर आटे की बोरी रखी हुई थी। वारदात के बाद से किराएदार फरार है। पुलिस को किराएदार पर ही शक है। बच्ची मंगलवार दोपहर बाहर खेलते समय लापता हो गई थी। 30 घंटे बाद पुलिस ने शव बरामद किया। पूरी खबर पढ़ें 5- पवन सिंह ने पत्नी को बताया क्रूर, बोले- अब साथ रहने का कोई चांस नहीं तलाक पर भोजपुरी स्टार पवन सिंह बोले- पत्नी ने परिवार जोड़ने का धर्म नहीं निभाया। पत्नी ज्योति क्रूर, अब साथ रहने का कोई चांस नहीं। मैं अब इस रिश्ते से बाहर निकलकर नई जिंदगी शुरू करना चाहता हूं। अब ज्योति सिंह के साथ रहने का कोई सवाल ही नहीं है। साथ रहने की कोई संभावना नहीं बची है। इस रिश्ते का असर मेरे करियर पर भी पड़ रहा, काम नहीं कर पा रहा। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें… 6- संत प्रेमानंद से मिले सांसद पप्पू यादव, द्वारकाधीश मंदिर में दर्शन किए बिहार के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने गुरुवार को मथुरा में द्वारकाधीश मंदिर में दर्शन पूजन किया। इसके बाद संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। उन्होंने वैदिक मंत्रों के बीच यमुना का पूजन किया। इस दौरान यमुना जी का दूध से अभिषेक भी किया। पीएम मोदी का बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा- जो 56 इंच सीना की बात करते थे, अब कहां चले गए हैं। पूरी खबर पढ़ें 7- फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा बोले- मोनालिसा जिहादियों के जाल में फंसी, छेड़छाड़ के आरोप पर सफाई दी फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा, कुंभ मेले से चर्चा में आईं मोनालिसा के आरोपों पर पहली बार सामने आए। वीडियो जारी कर कहा- आम को खास बनाने की गलत जिद ने मेरे ही हाथ जला दिए। मुझे अफसोस नहीं है। वह जिहादियों के जाल में फंसी है। दरअसल, मोनालिसा ने कहा था कि सनोज मिश्रा ने मुझे 10 बार गलत तरीके से छुआ। क्या पहली फिल्म के लिए रेप करवाओगे? पूरी खबर पढ़ें 8- प्रयागराज में इलेक्ट्रिक प्रेस से मारकर पत्नी की हत्या की; 5 घंटे तड़पकर मरता देखता रहा प्रयागराज में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। उसने इलेक्ट्रिक प्रेस से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ 8 वार किए। इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। करीब 5 घंटे तक वह पत्नी को तड़पता देखता रहा। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे पुलिस को फोन कर बोला- मैंने अपनी पत्नी का मर्डर कर दिया है। डेडबॉडी घर पर है। वह मुझे अपनी मां और बहन को छोड़ने को कहती थी। पूरी खबर पढ़ें 9- फिरोजबाद में बस से झांक रहे 15-साल के लड़के की गर्दन कटी, पिता के सामने तड़पकर मौत फिरोजाबाद में चलती बस की खिड़की से सिर निकालकर देख रहे 15 साल के किशोर की गर्दन टिनशेड से टकराकर कट गई। हादसा इतना भयावह था कि गर्दन पीछे की ओर लटक गई और खून का फव्वारा निकलने लगा। बस के अंदर और बाहर खून फैल गया। उसने तड़पकर मौके पर ही दम तोड़ दिया। वह अलीगढ़ से फिरोजाबाद आई बारात में आया था। ड्राइवर फरार हो गया। पूरी खबर पढ़ें 10- पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने रामलला के दर्शन किए, बोले- प्रभु का बुलावा आया और आ गया पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने रामलला का दर्शन किया। उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में पूजा की, इसके बाद रामलला के दर्शन किए। कहा- प्रभु का बुलावा जब आता है तो हर व्यक्ति आ जाता है, जब मुझे बुलावा आया तो मैं आ गया। कांग्रेस में हर व्यक्ति अपनी आस्था अनुसार धर्म का पालन करता है। हम धर्म का दुरुपयोग ना तो व्यवसाय के लिए करते और ना राजनीति के लिए। पूरी खबर पढ़ें 11- माधुरी दीक्षित काशी पहुंची, पति श्रीराम नेने और पूर्व मंत्री केएस सिंह रहे साथ फिल्म अभिनेत्री माधुरी दीक्षित गुरुवार को अपने परिवार के साथ वाराणसी पहुंची। उन्होंने कहा- सांस्कृतिक और आध्यात्मिक नगरी की खूबसूरती को देखने आई हूं। उनके एयरपोर्ट पहुंचते ही प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी और सेल्फी लेने की होड़ मच गई। वह यहां एक ज्वेलरी शॉप के उद्घाटन के लिए आई हैं। उनके साथ पति डॉ.श्रीराम नेने और पूर्व मंत्री कृपाशंकर सिंह भी हैं। पूरी खबर पढ़ें 12- जौनपुर में दौड़ाकर 25 चाकू मारे- लाश 200 मीटर घसीटी, बोला- हम नहीं मार सकते क्या? जौनपुर में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। शराब के ठेके पर 5 युवक आए और दौड़ाने लगे। पकड़कर उसे छप्पर में गिराया और चाकू से ताबड़तोड़ 25 वार किए। लाश को करीब 200 मीटर घसीटा। फिर बाइक से 1Km दूर ले गए, गेंहू के खेत में फेंक कर भाग गए। एक वीडियो सामने आया जिसमें एक युवक कह रहा- वकील का बेटा हूं, बदला लेना आता है। पूरी खबर पढ़ें 13- बांदा में ट्रेलरों की टक्कर के बाद आग लगी, गेट लॉक होने से अंदर ही फंसे 3 जिंदा जले बांदा में दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हाईवे पर हुई टक्कर के बाद उनमें आग लग गई। दरवाजे लॉक होने से 2 ड्राइवर और 2 खलासी अंदर ही फंस गए। घटना में 3 लोग जिंदा जल गए जबकि एक बुरी तरह झुलस गया। आग इतनी भीषण थी कि 15 फीट ऊंचाई तक उठीं लपटें 2 किमी दूर से दिख रही थीं। पुलिस ने शवों को पॉलिथीन में भरकर पोस्टमॉर्टम को भेजा। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- विधायक लगने के लिए दो गाड़ियां खरीदी, घर बनवाना रोका, कहा- युवकों ने सलाह दी थी धौरहरा से भाजपा विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने एक कार्यक्रम में किस्सा सुनाया। बताया कि कुछ युवकों ने कहा- वह विधायक जैसे नहीं लगते और उन्हें ‘आन-बान-शान’ के साथ चलना चाहिए। उन्हें ‘भौकाल’ के साथ चलने की सलाह दी। युवकों के कहने पर उन्होंने घर बनवाना रोका और दो गाड़ियां खरीद ली। एक कार्यक्रम में कहा- युवकों की बात को गंभीरता से लिया हूं। पूरी खबर पढ़ें कल क्या रहेगा खास… 15- अयोध्या में रामनवमी 27 मार्च को अयोध्या में रामनवमी पर श्रीराम मंदिर, दशरथ महल और श्रीरामवल्लभाकुंज सहित लगभग 10 हजार मंदिरों में मंग्लध्वनियों के बीच रामलला का जन्मोत्सव होगा। इस दिन ठीक दोपहर 12 बजे शंख की मंगल ध्वनियां गूंजेगी। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *