![]()
‘यूपी ‘उत्तम’ से ‘सर्वोत्तम’ प्रदेश बनने की ओर अग्रसर’:कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
जौनपुर दौरे पर आए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी ने मीडिया से बातचीत में राज्य की उपलब्धियों और भविष्य के रोडमैप पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मंत्री नंदी ने जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘उत्तम प्रदेश’ की श्रेणी से ऊपर उठकर ‘सर्वोत्तम प्रदेश’ बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने ‘डबल इंजन’ की सरकार द्वारा राज्य के अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का दावा किया।विपक्ष द्वारा सिलेंडर की किल्लत और जनता की परेशानी से जुड़े आरोपों पर पलटवार करते हुए मंत्री नंदी ने उन्हें सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “प्रशासन का दावा पूरी तरह सत्य है। कहीं भी किसी तरह की कोई किल्लत नहीं है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।” उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए वैश्विक पटल पर भारत की बढ़ती धमक का जिक्र किया। मंत्री ने उदाहरण देते हुए बताया कि जहां दुनिया के विकसित देशों के जहाज फंसे हुए थे, वहीं भारत अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने में सफल रहा। यह 140 करोड़ भारतीयों की सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। प्रदेश में आए बदलावों पर बात करते हुए मंत्री नंदी ने 9 साल पहले के उत्तर प्रदेश की तुलना आज के प्रदेश से की। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में गुंडागर्दी, लूट और हत्या आम बात थी, लेकिन आज उत्तर प्रदेश गुंडों और अपराधियों से मुक्त हुआ है। मंत्री ने बताया कि इस सुरक्षा के परिणामस्वरूप आज प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हो रहा है, जिससे युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिल रहा है।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply