उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) 2025 के 182 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा रविवार को सुबह 9:30 से 11:30 बजे पहली पाली में आयोजित की। सामान्य अध्ययन खंड के सवाल अभ्यर्थियों को कठिन लगे, खासकर सुमेलित प्रश्न। जौनपुर से परीक्षा देने आए कृष्ण चंद्र ने बताया कि कॉन्स्टिट्यूशन (संविधान) के क्वेश्चन काफी ईज़ी थे। लॉ से रिलेटेड क्वेश्चन में धाराएं काफी ज्यादा थीं। ऐसे में लॉ का पोर्शन कठिन था। जीएस का पोर्शन प्रीवियस ईयर के क्वेश्चन के अकॉर्डिंग था। करेंट अफेयर्स सरल थे। जो कि आसानी से किया जा सकता था। एक सवाल था कि 1930 में पेशावर में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने से इनकार करने वाले व्यक्ति तथा सिविल सेवा में प्रतियोगी परीक्षा द्वारा नियुक्तियों की शुरुआत किस अधिनियम से हुई, जैसे सवालों ने अभ्यर्थियों को सोचने पर मजबूर किया। विज्ञान खंड में जिलेटिन के आइसक्रीम निर्माण में उपयोग का कारण पूछा गया। अभ्यर्थियों के अनुसार, सुमेलित प्रश्न हल करने में विशेष कठिनाई हुई। परीक्षा नियंत्रक हर्ष देव पांडेय ने बताया कि प्रदेश के आठ जिलों- अलीगढ़, बरेली, गोरखपुर, कानपुर नगर, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज एवं वाराणसी के 210 केंद्रों पर यह परीक्षा संपन्न हुई। कुल 93,417 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 54.37 प्रतिशत ने भाग लिया।

Leave a Reply