छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के हेलिपैड ग्राउंड पर सोमवार को खो-खो के मैदान में जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। यूनिवर्सिटी के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस इंटर-कॉलेज प्रतियोगिता में कैंपस की टीमों ने अपनी रफ्तार और फुर्ती का लोहा मनवाते हुए महिला और पुरुष, दोनों वर्गों के खिताब अपने नाम कर लिए। प्रतियोगिता में कानपुर और आसपास के 11 महाविद्यालयों के करीब 165 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सुबह से ही मैदान पर ‘खो-खो’ की गूंज और खिलाड़ियों के बीच एक-दूसरे को छूने की होड़ लगी रही। फाइनल मुकाबला: कैंपस की रफ्तार के आगे टिक नहीं पाए विपक्षी पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में यूनिवर्सिटी कैंपस की टीम का सामना शिवपाल सिंह महाविद्यालय, जसवंत नगर से हुआ। मैच की शुरुआत से ही कैंपस के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल दिखाया और विपक्षी टीम को पछाड़ते हुए ‘विजेता’ की ट्रॉफी पर कब्जा किया। जसवंत नगर की टीम को उपविजेता (दूसरे स्थान) से संतोष करना पड़ा। वहीं, तीसरे स्थान के लिए हुई भिड़ंत में जनता महाविद्यालय, अजीतमल ने जीत दर्ज की। महिला वर्ग: बेटियों ने भी लहराया जीत का परचम मैदान के दूसरी तरफ महिला वर्ग में भी यूनिवर्सिटी कैंपस की छात्राओं ने अपनी श्रेष्ठता साबित की। फाइनल मैच में कैंपस की टीम ने महिला महाविद्यालय, कानपुर को कड़ी शिकस्त देकर गोल्ड मेडल जीता। महिला महाविद्यालय की टीम उपविजेता रही। अजीतमल के जनता महाविद्यालय की महिला टीम ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता टीम को मिले मेडल और ट्रॉफी प्रतियोगिता के अंत में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। डॉ. सोहिल रजा, क्रीड़ा सचिव डॉ. निमिषा सिंह कुशवाहा, विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव और डॉ. प्रभाकर पांडे ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए। इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री अभिषेक मिश्रा, शुभम हजारिया और अश्विनी मिश्रा सहित कई प्रशिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply