DniNews.Live

युवती ने प्रेमी के घर खाया जहर, मौत:परिजन बोले- युवक ने घर बुलाकर जहर दिया, घर वाले रिश्ते को राजी नहीं थे

फतेहपुर में प्रेमी के घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में युवती ने सोमवार रात जहर खा लिया। कानपुर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद युवती के परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक ने बेटी को घर बुलाकर जहर दे दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र की है। यहां 32 साल की युवती वर्मा तिराहा पर ब्यूटी पार्लर चलाती थी। उसका शांति नगर निवासी रवि चौरसिया से अफेयर चल रहा था। परिजनों के अनुसार, रवि ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए थे। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया, तो रवि के परिजनों ने दूसरी जाति (अनुसूचित जाति) की होने के कारण शादी से इनकार कर दिया। सोमवार को युवती शादी के लिए दबाव बनाने प्रेमी रवि के घर पहुंची। वहां युवक और उसके परिजनों ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खा लिया। जहर खाने के बाद उसने अपने परिजनों को फोन पर सूचना दी। सूचना मिलने पर युवती के परिजन तुरंत रवि के घर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में कानपुर ले जा रहे थे। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रेमी रवि भी एम्बुलेंस में साथ था, लेकिन युवती की मौत होते ही वह वहां से भाग गया। परिजन शव लेकर घर लौटे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच कर रही है। मंगलवार के दिन पोस्टमार्टम हाउस में युवती के पड़ोसियों ने बताया कि प्रेम प्रसंग की जानकारी दोनों परिवार के लोगों को मालूम थी। दोनों अलग अलग जाति के थे। इस मामले में युवती के परिजन ने कैमरे पर बात करने से इनकार कर दिया, लेकिन ऑफ कैमरा आरोप लगाते हुए बताया कि बेटी को घर बुलाकर जबरन जहर खिलाया गया है, क्योंकि बेटी ने फोन पर सूचना दिया था। थाना प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि युवती के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्यवाही की जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *