मिर्जापुर के कटरा कोतवाली क्षेत्र स्थित तुलसी चौक पर एक युवक की सरेआम पिटाई का मामला सामने आया है। एक युवती ने युवक को पकड़कर 13 सेकेंड में 7 बार चप्पल चेहरे पर मारा। मामला शनिवार का बताया गया है। पुलिस आरोपी युवक को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई में जुटी है। यह घटना तब हुई जब युवक तुलसी चौक से गुजर रहा था। युवती ने उसे दौड़ाकर पकड़ा और चप्पल उतारकर उसके गालों पर कई वार किए। युवक खुद को बचाने की कोशिश करता रहा। मौके पर मौजूद लोग बीच-बचाव करने के बजाय घटना का वीडियो बनाते रहे।
युवती ने युवक पर सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीरें वायरल करने, छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि युवक और उसके पिता के खिलाफ इन आरोपों में पहले ही एक मुकदमा दर्ज कराया गया था। वहीं, युवक ने इन आरोपों को फर्जी बताते हुए इलाहाबाद हाई कोर्ट में चुनौती दी है। युवक के परिजनों का आरोप है कि करीब एक साल पहले उनके परिवार के एक सदस्य की हत्या हुई थी, जिसका मामला कोर्ट में विचाराधीन है। उनका दावा है कि उस मामले में बचाव के लिए रंजिश के तहत युवती को आगे कर झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया और अब यह पिटाई करवाई गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply