DniNews.Live

युवक पर चाकू से हमला, आंतें बाहर आईं:सिद्धार्थनगर में आपसी रंजिश में वारदात को दिया अंजाम, हालत गंभीर

सिद्धार्थनगर जिले के पथरा बाजार थाना क्षेत्र में 29 मार्च देर रात एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। बसडीला मोदीनानकार गांव में आपसी रंजिश के चलते हुए इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है। गांव निवासी अशफाक पर उसी गांव के समीर अहमद अंसारी ने रविवार देर रात करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच हमला किया। बताया गया कि आरोपी पहले अशफाक के घर पहुंचा और उसके बारे में पूछताछ की। इसके बाद वह वापस चला गया और गांव के पोखरे के पास घात लगाकर अशफाक पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने अशफाक के पेट पर कई वार किए, जिससे उसकी आंतें बाहर आ गईं। वह मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए बस्ती के एक निजी अस्पताल ले गए।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने अशफाक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे कृष्णा मिशन हॉस्पिटल रेफर कर दिया। कृष्णा मिशन हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी समीर अहमद अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि यह एक गंभीर मामला है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *