मुजफ्फरनगर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद की गई। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक सड़क पर एकत्र होकर उत्पात मचाते हुए दिखाई दे रहे थे। इनमें से एक युवक खुलेआम तलवार लहरा रहा था। चौराहे पर कार खड़ी कर आतिशबाजी की गई और जमकर हुड़दंग मचाया गया।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना नई मंडी पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के बाद आरोपी की पहचान सैनिक विहार निवासी रिंकु पुत्र राम सजीवन के रूप में हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रिंकु को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध तलवार भी बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की हरकतें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply