DniNews.Live

युवक के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनी:मुरादाबाद की युवती पर ब्लैकमेलिंग का आरोप, शिकायत दर्ज

हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। युवक का आरोप है कि उसकी पहचान का दुरुपयोग कर एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई गई है, जिसके जरिए उसे बदनाम किया जा रहा है। पीड़ित ने बताया कि मुरादाबाद की एक युवती पिछले कुछ समय से उसे अलग-अलग मोबाइल नंबरों से व्हाट्सएप पर लगातार मैसेज भेजकर परेशान कर रही थी। कई बार नंबर ब्लॉक करने के बावजूद यह सिलसिला जारी रहा। आरोप है कि जब युवती का संपर्क नहीं हो पाया, तो उसने ‘pinkimanoj2010’ नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बना लिया। शुरुआत में इस अकाउंट से युवती की अपनी तस्वीरें पोस्ट की गईं, लेकिन शिकायत दर्ज होने के बाद उन्हें हटा दिया गया। इसके बाद कथित तौर पर पीड़ित के भाइयों की तस्वीरें, और फिर पीड़ित व उनकी पत्नी की निजी तस्वीरें अपलोड की गईं। इन तस्वीरों को भी कुछ समय बाद हटा दिया गया। साथ ही, कुछ भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट डालकर युवक की सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। पीड़ित ने दावा किया है कि इस फर्जी आईडी के फॉलोअर्स में आरोपित युवती के करीबी रिश्तेदार शामिल हैं। इससे इस साजिश में युवती की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है। युवक का कहना है कि अब इसी फर्जी आईडी का इस्तेमाल कर उसके खिलाफ झूठी शिकायतें भी की जा रही हैं। उसने साइबर सेल से संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की आईपी लॉग, डिवाइस आईडी, रजिस्ट्रेशन डिटेल्स, यूजरनेम बदलने की हिस्ट्री और फॉलोअर्स की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है। पीड़ित ने दोषी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की भी मांग की है। साइबर थाना प्रभारी पटनीश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *