सुल्तानपुर के शास्त्री नगर मोहल्ले के शुभम श्रीवास्तव के नाम पर तीन जिलों में फर्जी फर्म खोलकर 1.11 करोड़ रुपये से अधिक का जीएसटी बकाया कर दिया गया है। शुभम ने कभी कोई कारोबार नहीं किया, लेकिन उनके आधार और पैन कार्ड का इस्तेमाल कर बलिया, देवरिया और मिर्जापुर में जीएसटी नंबर जारी करा लिए गए। शुभम को इस धोखाधड़ी का पता तब चला जब 7 दिसंबर को ऑनलाइन भुगतान करते समय उनके बैंक खाते से लेनदेन नहीं हो पाया। बैंक जाने पर उन्हें बताया गया कि उनके खाते में जीएसटी बकाया होने के कारण समस्या आ रही है। कई बार बैंक के चक्कर लगाने के बाद शुभम ने जिला पंचायत परिसर स्थित जीएसटी कार्यालय से संपर्क किया। वहां उन्हें जानकारी मिली कि उनके नाम पर बलिया, देवरिया और मिर्जापुर में कुल 1 करोड़ 11 लाख 51 हजार 537 रुपये का जीएसटी बकाया है। शुभम ने जीएसटी अधिकारियों को बताया कि वह कोई व्यवसाय नहीं करते हैं। 18 मार्च को सीजीएसटी कार्यालय मिर्जापुर जाने पर उन्हें पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके आधार और पैन कार्ड का उपयोग करके धोखाधड़ी से तीनों जीएसटी नंबर प्राप्त किए और उनके नाम पर व्यवसाय चला रहा है। पीड़ित शुभम श्रीवास्तव ने इस संबंध में नगर कोतवाली में कई बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है।

Leave a Reply