युवक की हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार:लव ट्रायंगल के चलते वारदात को दिया अंजाम, मई में होनी थी शादी
![]()
युवक की हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार:लव ट्रायंगल के चलते वारदात को दिया अंजाम, मई में होनी थी शादी
कानपुर देहात में पुलिस ने हत्या के एक मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है ।घटना 2 अप्रैल 2026 को थाना शिवली क्षेत्र के ग्राम मकरंदपुर बंथा मार्ग पर हुई थी, जहां राजाबाबू (निवासी झखरा, थाना सचेण्डी, कानपुर नगर) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता रामलखन वर्मा ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस की जांच मे आया कि मृतक राजाबाबू का पिछले दो वर्षों से कोमल (निवासी दस्तमपुर, थाना अकबरपुर) से प्रेम संबंध था। दोनों की शादी 7 मई 2026 को तय हो चुकी थी। इसी बीच कोमल का संबंध सागर राजपूत से हो गया, जिससे वह शादी करना चाहती थी। सागर के इंकार के बाद कोमल और सागर के बीच दूरी बन गई थी। लेकिन जब सागर को कोमल की शादी की जानकारी हुई, तो दोनों ने मिलकर राजाबाबू को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। घटना वाले दिन कोमल लगातार राजाबाबू से बात कर उसकी लोकेशन सागर को देती रही। इसके बाद सागर ने अपने साथियों ललित नागर और एक बाल अपचारी के साथ मिलकर राजाबाबू पर कई वार किए और उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को गेहूं के खेत में फेंक दिया गया था। पुलिस ने सागर, कोमल और एक बाल अपचारी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, मोबाइल फोन और कपड़े बरामद किए गए। वहीं, फरार चल रहे आरोपी ललित नागर (24) को शिवली क्षेत्र के मैथा नहर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से 220 रुपए बरामद हुए हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
