अछल्दा थाना क्षेत्र के वंशी गांव में सोमवार को एक युवक का शव कमरे के अंदर पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही परिजनों में दुख का माहौल छा गया, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी। गांव वंशी निवासी रामजी राजावत (20) पुत्र शिव प्रताप राजावत सोमवार सुबह अपनी दिनचर्या के अनुसार टहलने के लिए घर से बाहर नहीं निकले। काफी देर तक कमरे से बाहर न आने पर उनकी मां को संदेह हुआ। जब मां ने कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। युवक का शव पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ था। यह देखते ही परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे और घर में चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि मृतक रामजी राजावत की शादी आगामी 26 अप्रैल को तय थी और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। ऐसे में इस अचानक हुई घटना से परिवार ही नहीं, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हल्का इंचार्ज राजेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। इस दौरान मृतक का छोटा भाई घनश्याम राजावत (18) और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। थाना प्रभारी पंकज मिश्रा ने बताया कि परिजनों ने मृतक का पंचनामा कराने से इनकार कर दिया है। उन्होंने पुलिस को लिखित रूप में दिया है कि युवक ने स्वयं फांसी लगाई है और उन्हें इस मामले में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहिए।

Leave a Reply