एरवा कटरा थानाक्षेत्र के उदईपुर गांव के पश्चिम में रविवार शाम एक 22 वर्षीय युवक का शव आम के पेड़ पर लटका मिला। गांव से करीब 300 मीटर दूर खेत में बकरी चराने गए चरवाहों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी शिनाख्त की। मृतक की पहचान उदईपुर गांव निवासी सुदामा कठेरिया पुत्र स्व. शैलेश कठेरिया के रूप में हुई है। सुदामा की शादी हाल ही में फर्रुखाबाद के जहानाबाद थानाक्षेत्र के बिड़हल गांव निवासी मोनिका से हुई थी। परिजनों के अनुसार, शनिवार दोपहर सुदामा और उसकी पत्नी मोनिका के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद सुदामा गुस्से में घर से चला गया था। शाम को सुदामा की बहन पूनम ने, जो मैनपुरी के खिलाउ नगर में रहती है, बाबा सूरजपाल और दादी रामादेवी को बताया कि सुदामा उसके घर आ गया है। इस सूचना से परिजन आश्वस्त हो गए थे। बहन पूनम ने बताया कि सुदामा रविवार सुबह अपने घर जाने की बात कहकर उसके घर से निकला था, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। इसी बीच, मृतक की पत्नी मोनिका रविवार दोपहर अपने पिता राकेश कुमार के साथ मायके चली गई। थाना प्रभारी विनेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply