DniNews.Live

यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस में लगी आग:48 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया, बड़ा हादसा टला

मथुरा के नौहझील क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक निजी बस में आग लग गई। आगरा से नोएडा की ओर जा रही इस बस में करीब 48 यात्री सवार थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना से एक बड़ा हादसा टल गया। यह घटना माइलस्टोन संख्या 64 के पास हुई, जहां बस संख्या DD01AA9317 में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। कटैलिया निवासी यशपाल सिंह ने दूरभाष के माध्यम से पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना नौहझील पुलिस और बाजना चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई थी और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, जो खबर लिखे जाने तक जारी था। पुलिस के अनुसार, इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। आग लगने के प्रारंभिक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *