मोहम्मदाबाद में ट्रामा सेंटर अब तक चालू नहीं हुआ:सपा विधायक सोहेब अंसारी बोले- बाढ़ पीड़ित बेघर, मंडी, दूध डेयरी और बस अड्डा भी नहीं बना
![]()
मोहम्मदाबाद में ट्रामा सेंटर अब तक चालू नहीं हुआ:सपा विधायक सोहेब अंसारी बोले- बाढ़ पीड़ित बेघर, मंडी, दूध डेयरी और बस अड्डा भी नहीं बना
गाजीपुर की मोहम्मदाबाद विधानसभा से सपा विधायक सोहेब अंसारी ने अपने चार साल के कार्यकाल को लेकर बातचीत में क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को उठाया। उन्होंने ट्रामा सेंटर के संचालन में देरी, बाढ़ पीड़ितों की बदहाल स्थिति और अधूरे विकास प्रोजेक्ट्स को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए। सवाल: आपके क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या क्या है?
जवाब: मोहम्मदाबाद में बना ट्रामा सेंटर सबसे बड़ा मुद्दा है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और हाईवे के पास होने के बावजूद यह सेंटर चार साल से पूरी तरह चालू नहीं हो सका है। यहां गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार भी नहीं मिल पा रहा है। कई बार अधिकारियों और सरकार को पत्र लिखा, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सवाल: बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति कैसी है?
जवाब: सिमरा सहित कई गांवों के सैकड़ों परिवार गंगा कटान से प्रभावित हुए हैं। समाजवादी पार्टी की सरकार में इन्हें जमीन आवंटित की गई थी, लेकिन वहां आज तक बिजली, पानी और आवास जैसी सुविधाएं नहीं पहुंच पाई हैं। लोग आज भी टेंट और झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं। सवाल: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़े प्रोजेक्ट्स का क्या हाल है?
जवाब: एक्सप्रेसवे के किनारे मंडी, दूध डेयरी और अंतरराज्यीय बस अड्डा प्रस्तावित था, लेकिन सरकार बदलने के बाद ये प्रोजेक्ट अधूरे रह गए। आवंटित जमीन पर आज तक कोई निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। सवाल: अपने कार्यकाल में आपने क्या विकास कार्य कराए?
जवाब: विधायक निधि से इंटरलॉकिंग सड़कें, सीसी रोड, ट्रांसफार्मर और बिजली के खंभे लगवाए गए हैं। इसके अलावा शहीदों और महापुरुषों की स्मृति में प्रवेश और स्वागत द्वार बनवाए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर शेड का निर्माण भी कराया गया है। सवाल: विकास कार्यों में क्या बाधाएं आ रही हैं?
जवाब: बजट और एनओसी सबसे बड़ी समस्या है। पीडब्ल्यूडी, एनएच और पीएमजीएसवाई से अनुमति नहीं मिलने के कारण कई सड़क परियोजनाएं अटक जाती हैं। प्रस्ताव भेजने के बावजूद पर्याप्त बजट नहीं मिल पाता, जिससे सभी गांवों में सड़क निर्माण संभव नहीं हो पाता। सवाल: रोजगार को लेकर आपकी क्या राय है?
जवाब: क्षेत्र में उद्योग-धंधों की कमी है, जिससे युवाओं को बाहर जाना पड़ता है। एक्सप्रेसवे बनने के बाद रोजगार की उम्मीद थी, लेकिन अभी तक कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखा है। सवाल: तहसील क्षेत्र में हुए बदलाव पर आपका क्या कहना है?
जवाब: कुछ गांवों को मोहम्मदाबाद से हटाकर कासिमाबाद में जोड़ दिया गया है, जिससे लोगों को प्रशासनिक कार्यों में परेशानी हो रही है। सवाल: जनता के लिए आपने क्या भूमिका निभाई?
जवाब: जनता ने मुझे अपनी आवाज उठाने के लिए चुना है और मैंने हर मौके पर क्षेत्र के मुद्दों को सदन में उठाया है। सवाल: अगर आपकी सरकार बनती है तो प्राथमिकताएं क्या होंगी?
जवाब: बाढ़ पीड़ितों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्हें आवास, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और अधूरे प्रोजेक्ट्स को पूरा किया जाएगा। सवाल: 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर आपकी क्या तैयारी है?
जवाब: चुनाव की तैयारी लगातार चल रही है। पार्टी नेतृत्व का आशीर्वाद मिला तो पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
