मैनपुरी के श्रीदेवी ग्राम सुधार प्रदर्शनी मेले में नवरात्र के नौवें दिन भी भारी भीड़ उमड़ी। हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन माता शीतला मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसी बीच, गुरुवार रात सिटी एसपी अरुण कुमार सिंह ने मेले की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गुरुवार रात करीब 8 बजे, सिटी एसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह और ट्रैफिक क्षेत्राधिकारी दीपशिखा भारी पुलिस बल के साथ मेले के विभिन्न मार्गों पर भ्रमण पर निकले। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। मेले में प्रतिदिन हजारों भक्त माता शीतला मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जेबकतरे या अन्य घटनाओं को रोकने के लिए मेले के हर मुख्य द्वार पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस संदिग्ध लोगों को तुरंत मंदिर परिसर से बाहर कर रही है। मेला प्रभारी और थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि सुबह से देर रात तक मेले का आयोजन होता है। झूले, खरीदारी की दुकानें और माता रानी के मंदिर सहित सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Leave a Reply